पत्नी से झगड़ा हुआ तो एक व्यक्ति ने अपने घर को ही आग लगा दी। यह आग ऐसी भड़की कि इसके चपेट में आस-पास के दस घर भी आ गए और वे सब जलकर खाक हो गए
महाराष्ट्र के सातारा जिले के पाटण तालुके (प्रखंड) की यह घटना है। पाटण तालुका के माजगाव में रहने वाले संजय पाटील का किसी वजह से अपनी पत्नी पल्लवी से झगड़ा हुआ ,घरेलू बातों से शुरू हुई यह बहस इतनी तेज हो गई कि संजय पाटील को गुस्सा आ गया , झगड़ा इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद संजय इतना आगबबूला हुआ कि उसने पेट्रोल छिड़ककर अपने घर में आग लगा दी।
गुस्से की इस आग ने पड़ोस के 10 घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।जब आग लगी तो यह पहले घर के सिलेंडर तक पहुंची. सिलेंडर में आग लगते ही लपटों ने रौद्र रूप धारण कर लिया।देखते ही देखते इस घर के आस-पास जितने भी घर थे, वे सब चपेट में आ गए, आग में ये सभी घर करीब-करीब पूरी तरह जलकर खाक हो गए। पुलिस के मुताबिक, इस आग से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि लोग सही समय पर घरों से बाहर निकल आए और इस वजह से सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ कर जमकर पीटा और घसीटते हुए पुलिस स्टेशन तक ले गए। पाटण तालुका के मजगांव में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया है। फिलहाल आरोपी पति हवालात में है। पत्नी ने भी उसके खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है।

