Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

टीकरी बॉर्डर पर कल किसान आंदोलन का एक साल पूरा होने पर महापंचायत- पंजाब से पहुंच रहे किसानों के जत्थे और SKM नेता

किसान आंदोलन के एक साल पूरे होने पर 26 नवंबर को टीकरी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में किसानों को जुटाने की तैयारी कर ली है। इस दिन टीकरी बॉर्डर से कुछ दूरी पर सेक्टर-13 में भारतीय किसान यूनियन एकता (उग्राहां) की तरफ से 7 एकड़ में बड़ी महापंचायत करने का निर्णय लिया गया है। महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा के तमाम बड़े नेताओं को बुलाया गया है।इतना ही नहीं गुरुवार को पंजाब से बड़ी संख्या में किसानों के जत्थे टीकरी बॉर्डर पर पहुंचेंगे। महापंचायत की तैयारियां जोरो पर चल रही है। किसान नेताओं का कहना है कि तीन कृषि कानून रद्द होकर कॉपी मिलने पर ही उन्हें यकीन होगा।

बीकेयू एकता (उग्राहा) के कार्यकारी प्रधान जसविंदर ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि टीकरी बॉर्डर पर एक साल पूरा होने पर बड़ी किसान महापंचायत की जा रही है। जिसमें संयुक्त किसान मोर्चा के नेता भी शामिल होंगे। जसविंदर ने कहा कि जब तक सभी मांग पूरी नहीं होगी तब तक आंदोलन चलेगा। उन्होंने सरकार से एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने की मांग की।इस महापंचायत में किसान नेता जोगेंद्र उग्राहा मुख्य वक्ता होंगे। जोगेंद्र उग्राहा ने बताया कि बहादुरगढ़ के सेक्टर-13 में 7 एकड़ जमीन पर किसानों ने इसकी व्यवस्था की है। पंजाब से भी हजारों किसान पहुंचेंगे।

19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कृषि कानूनों की वापसी की घोषणा के साथ ही 24 नवंबर को इन कानूनों की वापसी पर केन्द्रीय कैबिनेट की मुहर भी लग चुकी है, लेकिन उसके बाद भी आंदोलन खत्म होने की बजाए किसानों ने दोनों बॉर्डर पर आंदोलन की सालहगिरह मनाने का ऐलान कर दिया है। इसकी वजह है एमएसपी पर गारंटी कानून और अन्य तमाम मुद्दे। संयुक्त किसान मोर्चा एक बार फिर 26 नवंबर को बड़ी संख्या में किसानों को जुटाकर सरकार को अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करेगा।

एक सप्ताह पहले तक टीकरी बॉर्डर पर किसानों के टेंट तो कई किलोमीटर में गड़े नजर आ रहे थे, लेकिन किसानों की संख्या बहुत कम थी। अब टेंटों में फिर से किसानों की भीड़ बढ़ने लगी है। हर दिन दर्जनों किसानों के जत्थे पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों से टीकरी बॉर्डर पर पहुंच रहे हैं।किसान नए कृषि कानूनों की वापसी पर जहां खुश नजर आ रहे हैं, वहीं एमएसपी गारंटी कानून की मांग को भी जोर-शोर से उठा रहे हैं। इस बार पहले से ज्यादा शक्ति प्रदर्शन करने की कोशिश है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने संसद सत्र शुरू होने पर 29 नवंबर से हर दिन 500 किसानों के साथ संसद तक ट्रैक्टर मार्च करने का कार्यक्रम तय किया हुआ है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में किसानों की बड़ी भीड़ जुटाने का दावा किया है। इसको देखते हुए दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा पुलिस भी अलर्ट हो चुकी है। चूंकि एक माह पहले ही किसान संगठनों के साथ बातचीत के बाद दिल्ली पुलिस की तरफ से टीकरी बॉर्डर पर की गई भारी-भरकम बैरिकेडिंग हट चुकी है। अब सिर्फ एक लेयर ही बैरिकेडिंग है। साथ ही टीकरी बॉर्डर पर पैदल, दोपहिया वाहन और एंबुलेंस के लिए 4 फीट तक का रास्ता भी खुला हुआ है।

Exit mobile version