Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुरूक्षेत्र में किसानों की महापंचायत: बजरंग पूनिया बोले- पहले टेनी और अब बृजभूषण, किसी पर एक्शन नहीं; MSP पर आंदोलन का ऐलान करेंगे किसान

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पिपली अनाज मंडी में आज सूरजमुखी को लेकर ‘MSP दिलाओ-किसान बचाओ रैली’ हो रही है। रैली में हरियाणा, पंजाब और यूपी से हजारों की संख्या में किसान पहुंचे है। पहलवान बजरंग पूनिया भी यहां आए।

यहां बजरंग पूनिया ने कहा-”पहले किसान UP में घटना के जिम्मेदार अजय मिश्रा टेनी के खिलाफ लड़ रहे थे। हम बृजभूषण के खिलाफ लड़ रहे हैं। किसी पर एक्शन नहीं हुआ। किसानों काे सड़क पर खड़े देखकर दुख होता है। हम भी ऐसे ही परिवारों से हैं। हम जितने भी खिलाड़ी हैं, हम आपके साथ हैं।इस रैली में किसान नेता राकेश टिकैत भी शिरकत करेंगे। किसानों का कहना है कि इस रैली में आर-पार का ऐलान किया जाएगा।

उधर, किसानों की महापंचायत को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। हालांकि, पहले कहा जा रहा था कि पुलिस किसानों को रैली स्थल तक जाने से रोक सकती है, लेकिन राकेश टिकैत की चेतावनी के बाद पुलिस द्वारा कोई रोकटोक नहीं की गई।

रैली को लेकर विभिन्न किसान संगठन के सदस्य गांव-गांव जाकर न्योता दे रहे हैं। BKU नेताओं ने प्रशासन से रैली के लिए पिपली अनाज मंडी में दो शेड मांगे थे, जिसे प्रशासन ने स्वीकार करते हुए 2 शेड दिए हैं। किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से रैली करने का आश्वासन दिया। किसान प्रशासन से किसी प्रकार कोई टकराव नहीं करेंगे।

किसान रैली के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। सड़कों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। पिपली अनाज मंडी के मुख्य गेट से लेकर मंडी में प्रवेश वाले हर रास्ते पर सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग की गई हैं। पिपली क्षेत्र पूरी तरह से पुलिस छावनी बना हुआ है।

उधर, SP कुरुक्षेत्र सुरेंद्र सिंह भोरियां ने शांति बनाए रखने की अपील की है। कहा कि किसान भी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी रैली करें। जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करें। रैली के दौरान नागरिकों के वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए उचित यातायात प्रबंध किए गए हैं।

Exit mobile version