हरियाणा में सोशल मीडिया पर बढ़ती अश्लीलता, गन कल्चर और समाज में फैल रही अन्य बुराइयों के खिलाफ अब खाप पंचायतें भी खुलकर मैदान में उतर आई हैं। महम चौबीसी सर्व खाप ने 25 जुलाई को उत्तर भारत की महापंचायत बुलाने का ऐलान किया है। इस महापंचायत में विभिन्न खाप पंचायतों, किसान संगठनों, महिला संगठनों, छात्र संगठनों और हरियाणवी व बॉलीवुड कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
महम चौबीसी सर्व खाप के प्रधान तुलसी ग्रेवाल ने बताया कि महापंचायत 25 जुलाई को सुबह 10 बजे महम चौबीसी के ऐतिहासिक चबूतरे पर आयोजित होगी। इसमें समाज में बढ़ रहे गन कल्चर, सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट, नशा, सट्टा, अश्लील डांस और अभद्र भाषा जैसे मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने की मांग को लेकर सरकार के सामने प्रस्ताव रखा जाएगा।
धर्मेंद्र हुड्डा की अपील के बाद बनी सहमति
तुलसी ग्रेवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र हुड्डा द्वारा चलाए जा रहे अभियान और उनके साथ हुई बातचीत के बाद महापंचायत बुलाने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि समाज से जुड़ा कोई भी फैसला सामूहिक सहमति से लिया जाएगा और सभी खाप पंचायतों से इसमें शामिल होने की अपील की जाएगी।
12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
ग्रेवाल के अनुसार महम चौबीसी का ऐतिहासिक चबूतरा बिना कुर्सियों के करीब 12 हजार लोगों के बैठने की क्षमता रखता है। महापंचायत में आने वाले लोगों के लिए भोजन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
सरकार को सौंपा जाएगा ज्ञापन
महापंचायत से पहले रोहतक में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की जाएगी। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कानून बनाने की मांग की जाएगी। साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों से मिलकर विधानसभा में यह मुद्दा उठाने का प्रयास भी किया जाएगा।
धर्मेंद्र हुड्डा के बयानों से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत धर्मेंद्र हुड्डा के सोशल मीडिया वीडियो से हुई थी। उन्होंने कुछ हरियाणवी कलाकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को लेकर बयान दिए थे और दावा किया था कि ऐसे कंटेंट का समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। उनके इन बयानों के बाद हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिना नाम लिए जवाब दिया था।
फिलहाल 25 जुलाई को होने वाली महापंचायत पर सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इसमें लिए जाने वाले निर्णय हरियाणा में सोशल मीडिया कंटेंट और गन कल्चर को लेकर चल रही बहस को नई दिशा दे सकते हैं।

