Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महाकुंभ- अब तक 40 करोड़ लोगों ने डुबकी लगाई:बिहार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद पहुंचे; अखाड़ों ने पैकिंग शुरू की, लोग अंदर नहीं जा सकेंगे

महाकुंभ का आज 26वां दिन है। शुक्रवार को संगम में श्रद्धालुओं की भीड़ है। कल यानी शनिवार और रविवार को और भीड़ बढ़ सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन फिर अलर्ट हो गया। भीड़ की निगरानी की जा रही है।

संगम पर श्रद्धालुओं को रुकने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस स्नान कर चुके लोगों को वहां से निकाल रही है, ताकि एक जगह भीड़ इकट्‌ठा न हो। वाहनों की प्रयागराज शहर में एंट्री हो रही है। हालांकि, भीड़ के हिसाब से पुलिस प्लान में बदलाव कर रही है।

महाकुंभ में ज्यादातर अखाड़ों ने अब पैकिंग शुरू कर दी। इसलिए श्रद्धालुओं को अखाड़ों के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। प्रशासन के मुताबिक, महाकुंभ में 13 जनवरी से अब तक 40 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। अभी मेला 19 दिन और चलेगा।

बिहार के राज्यपाल आरिफ मो. खान भी गुरुवार देर रात प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने कहा-महाकुंभ भारत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि यह पूरे भारत को अपने में समेटे हुए हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता भी महाकुंभ पहुंचीं। उन्होंने संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने कहा- वह यहां एक सनातनी बनकर पहुंची हैं।

शुक्रवार को गुजरात के सीएम भूपेंद्र भाई पटेल, झारखंड के पूर्व सीएम रघुबर दास, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह महाकुंभ आएंगे। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, MP के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा कुछ और मंत्रियों के साथ प्रयागराज पहुंचेंगे।

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, राज्यसभा सांसद और उपनेता शिवसेना प्रियंका चतुर्वेदी भी संगम में डुबकी लगाएंगी। महाकुंभ के चलते प्रयागराज में 12 फरवरी तक 8वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। क्लासेज ऑनलाइन चलेंगी।

Exit mobile version