रोहतक के डेरा बाबा बालकपुरी के महंत महामंडलेश्वर कर्णपुरी व थानापति बाबा सुरेश पुरी की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है। फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से लोगों से रुपए मांगकर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। जब मामले की सूचना महंत बाबा महामंडलेश्वर कर्णपुरी को मिली तो उन्होंने इसकी शिकायत अधिकारियों को दी।
डेरा बाबा बालकपुरी के महंत बाबा महामंडलेश्वर कर्णपुरी ने मुख्यमंत्री के नाम दी शिकायत में बताया कि उनके पास 26 जुलाई को किसी सेवक का फोन आया। सेवन ने कहा कि बाबा आप गूगल पे के माध्यम से रुपए क्यों मांग रहे हैं। यह बात सुनकर वे खुद आश्चर्यचकित रह गए। जब इस बारे में पूरी जानकारी ली तो सेवक ने बताया कि फेसबुक आईडी के माध्यम से रुपए मांगे गए हैं। मामले की तह तक पहुंचे तो सामने आया कि किसी ने उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाई हुई है।

फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से लोगों से रुपए मांगे जा रहे हैं। इसकी शिकायत आर्य नगर पुलिस थाने में शिकायत दी। इसके बाद डेरे के थानापति बाबा सुरेश पुरी के नाम से भी किसी ने फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। अब उनकी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं। जिसकी कई सेवकों ने सूचना दी तो इसकी जानकारी मिली।

उन्होंने कहा कि दोनों फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर सैकड़ों लोगों से पैसे मांगे जा चुके हैं। उन्होंने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही सभी लोगों से भी अपील की कि वे इस तरह की धोखाधड़ी से सावधान रहे और अगर कोई पैसे मांगता है तो उसे ना दें।
