हरियाणा के पंचकूला में पुरानी रंजिश खत्म करने के लिए बुलाई गई समझौते की बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। एमडीसी क्षेत्र में गुरुवार रात जूस विक्रेता कपिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी अभिषेक उर्फ टन्नी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी विवेक अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, एमडीसी सेक्टर-4 निवासी कपिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला था। वह एमडीसी क्षेत्र में जूस की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसका कुछ युवकों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए गुरुवार रात करीब 9 बजे सकेतड़ी रोड स्थित भाजपा कार्यालय के पास पार्क में दोनों पक्षों की बैठक बुलाई गई थी।
बताया जा रहा है कि मौके पर 20 से 25 युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर सड़क तक पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा।
उसी समय वहां से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम ने उसे सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अभिषेक उर्फ टन्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
नौकरी और जिम विवाद से शुरू हुई दुश्मनी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कपिल और मुख्य आरोपी विवेक पहले एक ही मैकेनिक की दुकान पर काम करते थे। आरोप है कि कपिल ने विवेक को नौकरी से निकलवा दिया था। इसके बाद दोनों एक ही जिम में जाने लगे, जहां बॉडी शेमिंग को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। धीरे-धीरे यह विवाद गहरी रंजिश में बदल गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से दो दिन पहले कपिल ने कथित तौर पर विवेक को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते विवेक ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी विवेक की तलाश जारी है। मामले की जांच जारी है।

