Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लवलीन टुटेजा ने कसा वर्तमान सरकार पर तंज : बोले घोटालेबाजों को शह दे रही है BJP, सालों बाद भी नहीं हुई फर्नीचर घोटाले की जांच

रोहतक प्रदेश की बीजेपी सरकार पूरी तरह से ही घोटालोंबाजों की शरणस्थली बनी हुई है। यही कारण है कि सालों पहले नगर निगम रोहतक में हुए लाखों रुपये फर्नीचर घोटाले की जांच आज तक भी ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। यह कहना है आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा लवली का। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता घोटालेबाज अफसर और नेताओं की ढाल बने हुए हैं। यही कारण है हाउस मीटिंग में बार-बार मांग करने के बावजूद से मामले की जांच नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही इस मामले की गहनता से जांच होगी और आरोपी अधिकारी और इससे जुड़े सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे डाला जाएगा।

शहर की जनता के एक एक पैसे का हिसाब होगा। जिन लोगों ने जनता के पैसे से अपनी जेबें भरी हैं उनसे रिकवरी भी की जाएगी। आम आदमी प्रवक्ता ने कहा कि आज शहर की जनता बिजली, पानी और सडक़ों जैसी आम सुविधाओं के लिए तरस गई है। शहर की गलियां गड्ढों का रूप धारण कर चुकी हैं। जिस कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिस कारण लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। शहर में आए दिन व्यापारियों की दुकानों के ताले टूट रहे हैं। बदमाश बेखौफ महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। चेन स्नेचिंग की घटनाएं अब शहर में आम हो चली हैं। जिस कारण शहरवासी दहशत में हैं। दूसरी तरफ बीजेपी नेता अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। अधिकारी बेलगाम हो गए हैं।

शहर की भोली भाली जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। शहर में इस समय जंगलराज चल रहा है। अब जनता के लिए केवल और केवल आम आदमी पार्टी की एक विकल्प बचा है। जनता पहले कांग्रेस और अब बीजेपी के कुशासन से परेशान हो चुकी है। इन पार्टियों ने जनता के पैसों को दोनों हाथों से लूटा है। अब इन पार्टियों को जनता को जवाब देना होगा। लवली ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही आम जनता को घोटालों और घोटालेबाजों से निजात दिला सकती है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उनकी नीतियां पूरे देश में माडल के रूप में उभर कर आई हैं। यही कारण है कि उनकी लोकप्रियता और कार्यशैली से बीजेपी पूरी तरह से बौखलाई हुई है।

Exit mobile version