हरियाणा के सिरसा में कुछ युवकों ने एक युवक की चाकुओं से गोदकर बड़ी बेरहमी से हत्या कर डाली. मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है. हमलावरों के हमले से संदीप नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. वहां पर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया है. युवक की मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया है जिसमें वो गंभीर रूप से घायल नज़र आ रहा है. फ़िलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सिरसा में प्रेम प्रसंग के चलते हुई युवक की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है. मृतक युवक संदीप कुमार सिरसा शहर के एकता नगर का निवासी था. युवक संदीप कुमार की उम्र 22 साल बताई जा रही है. वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक का पिछले करीब दो वर्षों से वाल्मीकि मोहल्ला निवासी एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और आपसी बातचीत भी होती रहती थी. हालांकि युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी थी.
घटना वाले दिन युवती के भाई ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक को बातचीत करने के बहाने घर से बाहर बुलाया. युवक बिना किसी आशंका के उनसे मिलने पहुंच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि युवती के भाई और उसके साथी ने युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. युवक के शरीर पर चाकुओं से कई गंभीर वार किए गए. अचानक हुए हमले से वो खुद को संभाल भी नहीं पाया और लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और युवक के परिजनों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. सिरसा के नागरिक अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
मोहल्ला वासी राजू लाडवाल ने बताया कि संदीप कुमार और एक लड़की के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर युवती के भाई और उसके साथी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. सिरसा शहर थाना प्रभारी बलराज सिंह ने कहा है कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आगामी कार्रवाई की जाएगी.
