Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में पिस्तौल तानकर शराब ठेके पर हुई लूट:10 हजार कैश ले गए, युवक के विरोध करने पर की हाथापाई

रोहतक के गांव कटवाड़ा स्थित शराब ठेके को बदमाशों ने निशाना बनाया। मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 2 बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर सेल्समैन को धमकाया और लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। इसी दौरान वहां मौजूद पूर्व फौजी के साथ भी बदमाश की हाथापाई हो गई। आरोपी 10 हजार लूटने के बाद फरार हो गए।

गांव खिड़वाली निवासी राम तीर्थ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 5 महीने से गांव कटवाड़ा स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन की नौकरी कर रहा है। मंगलवार रात करीब साढ़े 7 बजे वह शराब ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान वहां पर गांव खिड़वाली की तरफ से एक मोटरसाइकिल आकर रुकी। जिस पर 2 युवक सवार थे।

मोटरसाइकिल खड़ी करके दोनों युवक शराब ठेके पर आ गए। इस दौरान सेल्समैन ठेके के गेट पर ही खड़ा था। युवकों ने उसका गला पकड़कर उसे धमकाना शुरू कर दिया। वहीं पास में खेत का पड़ोसी गांव खिड़वाली निवासी पूर्व फौजी रामेहर भी मौजूद था, जिसने आरोपियों का विरोध किया।

राम तीर्थ ने कहा कि दोनों युवकों में से एक ने उसकी तरफ व दूसरे ने पूर्व फौजी रामेहर की तरफ पिस्तौल तान दी। वहीं आरोपियों ने रामेहर के साथ हाथापाई की। साथ ही पिस्तौल दिखाकर सेल्समैन के साथ भी हाथापाई की और वहां से भगा दिया। जिसके बाद आरोपी बदमाशों ने शराब ठेके में रखे गल्ले से करीब 10-11 हजार रुपए उठाकर फरार हो गए।

उन्होंने कहा कि दोनों बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर सावर होकर गांव कटवाड़ा की तरफ भाग गए। वहीं इस घटना की सूचना ठेकेदार को दी। वहीं मामले की सूचना पाकर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करे जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version