Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब के ड्राइवर से रोहतक में लूट: नशा करवाने के बहाने लेकर गए 2 बाइक सवार युवक, बीच रास्ते में छीने 2 फोन

 रोहतक में पंजाब के कार ड्राइवर से लूट की वारदात सामने आई है। पीड़ित कार चालक रोहतक में आया हुआ था। इसी दौरान उसे दो युवक मिले, जिन्होंने नशा करने का झांसा दिया, जिसमें कार चालक फंस गया। दोनों युवकों के साथ नशा करने के लिए चला गया और बीच रास्ते में आरोपी मोटरसाइकिल सवार पीड़ित के 2 मोबाइल फोन जबरन छीनकर फरार हो गए।

पंजाब के मोहाली निवासी रवि शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गाड़ी चालक है। शुक्रवार को वह रोहतक के कच्चा बेरी रोड पर आया हुआ था। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए। उक्त युवकों ने कहा कि नशा करना है, जिस पर पीड़ित ने कहा कि वह सुल्फा पीता है। इसके बाद दोनों युवक नशा करवाने के लिए पीड़ित को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी युवक उसे हिसार बाईपास की तरफ ले गए। जहां पर उक्त युवकों ने रवि शर्मा को नीचे उतार दिया और धमकाने लगे। इसके बाद आरोपी युवकों ने डराकर उसके दो मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए। जिन्हें सामने आने पर पहचान सकता है। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version