Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के पेट्रोल पंपों पर लगेंगे ताले, पंप पर लूट से दहशत में व्यापारी; हरियाणा पुलिस और सरकार को दी ये चेतावनी

हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से लगातार पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदातों को देखा जा रहा है। जिस वजह से पेट्रोल पंप के संचालकों और काम करने वाले कर्मचारियों की नींद उड़ी हुई है। इसी को देखते हुए पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन ने कहा कि शुक्रवार 26 अगस्त से हरियाणा पुलिस को उधार पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा। हरियाणा में पेट्रोल पंपों पर लूट की घटनाओं को देखते हुए सोनीपत जिले के सभी पेट्रोल पंप शुक्रवार को बंद रहेंगे।

26 अगस्त को सोनीपत जिले में सभी पेट्रोल पंप बंद करेंगे। 26 अगस्त से ही हरियाणा पुलिस की सभी पंपों पर उधारी बंद कर दी जाएगी। हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा है कि अगर इन घटनाओं पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो जल्द ही बड़ा आंदोलन किया जाएगा। संजीव चौधरी ने पुलिस को एक अल्टीमेटम दिया कि अगर एक सप्ताह में पेट्रोल पंप पर डकैती के अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो हरियाणा के पेट्रोल पंप अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिए जाएंगे और चाबियां मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंप दी जाएगी।

संजीव चौधरी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लगातार लूटपाट हो रही हैं। सोनीपत के पेट्रोल पंपों पर पिछले 15 दिनों में 5 बड़ी वारदात हो गई हैं। इसके बाद भी सोनीपत पुलिस की आंख नहीं खुली है, जबकि पहली वारदात होते ही सोनीपत SP से संगठन के पदाधिकारी मिले थे।

उस दौरान SP ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वसान दिया था। इसके बाद भी सोनीपत में वारदातें रूकने का नाम नहीं ले रही हैं, जिसके चलते बदमाशों के हौंसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक के बाद एक बदमाशों ने 5 बड़ी वारदातें की हैं, जिससे पेट्रोल पंप एसोसिएशन में काफी रोष है। संजीव चौधरी ने हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पंपों से सरकारी वाहनों में तेल भरवा लेती है। इसके बाद वे उगाही के लिए जगह-जगह गश्त करते हैं। पुलिस को सिर्फ और सिर्फ रिश्वत से मतलब है।नागरिकों की सुरक्षा, व्यापारियों की सुरक्षा की ओर कतई ध्यान नहीं है।

गौरतलब है कि इन दिनों हरियाणा के पेट्रोल पंपों पर कुल्हाड़ी गैंग का दहशत है। हरियाणा के सोनीपत जिले में पिछले 15 दिनों में पेट्रोल पंप पर डकैती के 5 मामले सामने आए हैं। इन मामलों में बाइक सवार अपराधी पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन पर कुल्हाड़ी से हमला कर रुपये लूट लेते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं। यह पहली बार नहीं है जब कुल्हाड़ी गिरोह ने किसी पेट्रोल पंप पर हमला किया है, पिछले 15 दिनों में हरियाणा में पेट्रोल पंप पर लूट की ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं और लगभग हर मामले में आरोपी पुलिस हिरासत से बाहर हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से पेट्रोल पंप कर्मियों में दहशत का माहौल है।

सोनीपत में यह लूट वारदातें हुईं

 10 अगस्त को बहालगढ़ रोड स्थित शिव शंकर फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन पर कुल्हाड़ी से हमला करके सवा दो लाख लूटे।

– 13 अगस्त को कुंडली में करण गैस एजेंसी के सेल्समैन पर कुल्हाड़ी से हमला करके 74 हजार लूटे।

– 14 अगस्त काे खेवड़ा में बलिदानी जितेंद्र ऑटो पंप फिलिंग स्टेशन के सेल्समैन पर कुल्हाड़ी से हमला करके 95 हजार लूटे।

– 19 अगस्त को कुंडली में चोपड़ा पेट्रोल पंप पर एक लाख लूटे।

– 24 अगस्त को कुंडली के पास कारगिल बलिदानी श्रीकृष्ण फिलिंग स्टेशन पर पौने 2 लाख लूटे।

Exit mobile version