Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कांग्रेस के उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल: अंतिम मुहर लगेगी आज, हुड्‌डा नहीं लड़ेंगे चुनाव, कुमारी सैलजा का चुनाव लड़ना तय

हरियाणा कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवारों पर आज फाइनल मुहर लगेगी। दिल्ली में होने वाले केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मीटिंग में 9 नामों पर चर्चा के बाद लिस्ट जारी की जाएगी। इससे पहले हुई हरियाणा कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग में बनाए गए पैनल में एक-एक नाम पर सहमति बन चुकी है।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा चुनाव नहीं लड़ेंगे, वह अपने बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा की रोहतक सीट के साथ अन्य सीटों के प्रचार पर फोकस करेंगे। इसकी पुष्टि हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने खुद की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि 2 सीटों पर पार्टी महिला उम्मीदवार उतार रही है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का लोकसभा चुनाव लड़ना तय है। सैलजा को कांग्रेस के कुछ नेता अंबाला से चुनाव लड़वाना चाहते थे, मगर सैलजा ने सिरसा में रुचि दिखाई है। माना जा रहा है कि सैलजा का सिरसा से टिकट लगभग तय है। पार्टी का दूसरा महिला चेहरा श्रुति चौधरी होंगी। उन्हें पार्टी भिवानी-महेंद्रगढ़ से टिकट देगी। इससे पहले वह यहां से सांसद रह चुकी हैं। हालांकि भिवानी में महेंद्रगढ़ से विधायक राव दान सिंह की वजह से पेंच फंसा था।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस नेतृत्व श्रुति को टिकट देने के पक्ष में था, लेकिन हुड्डा गुट ने यहां राव दान सिंह को लेकर अड़ा था, लेकिन बाद में श्रुति के नाम पर सहमति बन गई।

लंबी जद्दोजहद के बाद हिसार से पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह का टिकट लगभग तय है। बृजेंद्र सिंह इससे पहले भी इस सीट से भाजपा की टिकट पर सांसद रह चुके हैं, हाल ही में वह इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वहीं फरीदाबाद से पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह, अंबाला से विधायक वरुण मुलाना, भिवानी महेंद्रगढ़ से श्रुति चौधरी, रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा के नाम तय माने जा रहे हैं।

गुरुग्राम में राज बब्बर को टिकट दिया जा सकता है, लेकिन यहां पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के नाम पर भी चर्चा हुई है। सोनीपत में सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दिया जा सकता है। कांग्रेस के नेशनल सेक्रेटरी वीरेंद्र सिंह राठौर व पानीपत निवासी बुल्ले शाह के नामों पर भी चर्चा हुई है।

हरियाणा कांग्रेस के लिए करनाल सीट अभी भी चुनौती बनी हुई है। यहां NCP नेता मराठा वीरेंद्र वर्मा को टिकट मिलना संभव है, लेकिन यहां पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा के नाम पर भी चर्चा हुई है। इससे पहले इस सीट से फिल्म अभिनेता संजय दत्त के चुनाव लड़ने की भी चर्चा थी, लेकिन इस चर्चा को संजय दत्त ने खुद ही खारिज कर दिया था।

यहां से भाजपा ने पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर को प्रत्याशी बनाया है। खट्‌टर 2014 और 2019 से लगातार 2 बार विधायक रह चुके हैं।

Exit mobile version