रोहतक में शराब ठेके पर लगे सेल्समैन ने पिछले करीब 3 साले में लगातार स्टॉक कम दिखाकर करीब 25 लाख रुपए की शराब का गबन किया है। धोखाधड़ी का खुलासा उस समय हुआ जब ठेकेदार ने गोदाम का रिकार्ड खंगाला। इसका पता लगते ही उत्तर प्रदेश के दोनों सेल्समैन फरार हो गए। जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई।
गांव बलियाणा निवासी राजू देशवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शराब का ठेकेदार है। उसने 2020 में रोहतक में शराब की दुकान की थी। उसकी एक दुकान सेक्टर-1 के सामने दिल्ली बाईपास पर है। उस दुकान पर शराब बेचने के लिए उसने दो सेल्समैन रखे हुए हैं। शुरूआत से ही उत्तर प्रदेश के जिला ओरिया के पूरवा सुखमान निवासी लक्की व उत्तर प्रदेश निवासी धीरज को रखा था।
राजू देशवाल ने बताया कि दोनों सेल्समैन ने शुरुआत से ही मिली भगत से काम किया। मिली भगत करके दुकान पर हर रोज आने वाली शराब की मात्रा कम दिखाकर बेची गई है। शराब के पैसे भी दोनों अपने पास ही रख लेते। वहीं कम शराब का पर्चा बनवाकर गोदाम पर भेज देते थे। यह काम दोनों पिछले करीब 2-3 साल से करते आ रहे थे।
अब करीब 15 दिन पहले गोदाम का माल चेक किया तो दोनों द्वारा की गई धोखाधड़ी का पता लगा। उन्होंने करीब 20-25 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। साथ ही रिकॉर्ड के साथ भी छेड़छाड़ की है। उन्होंने कहा कि गोदाम में काम करने वाले अन्य कर्मचारी भी इन दोनों की योजना में शामिल रहे।
रिकॉर्ड चेक होने का अंदेशा होने पर दोनों सेल्समैन दुकान से भाग गए। उनके पास पहले फोन किया और बुलाया, लेकिन कोई भी नहीं आया। जिसके बाद ठेकेदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
