Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मकान पर गिरी आसमानी बिजली:घर के सभी विद्युत उपकरण जले; बाल-बाल बचे लोग, सरकार से मदद की लगाई गुहार

रोहतक जिले में एक मकान पर सोमवार सुबह करीब पौने 6 बजे आसमानी बिजली गिर गई। जिसके कारण मकान क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखे बिजली के उपकरण जल गए। वहीं परिवार बाल-बाल बच गया। आसमानी बिजली मकान के चौबारे (छत पर बने कमरे) पर गिरी। गनीमत रही की जिस समय आसमानी बिजली गिरी उस समय बच्चे अपने मामा के घर गए हुए थे और घर के अन्य लोग नीचे बने कमरे में बैठे थे। इसलिए सभी सुरक्षित बच गए।

रोहतक जिले के किलोई खास गांव निवासी रविंद्र ने बताया कि सुबह करीब 5 बजकर 40 मिनट पर घर पर आसमानी बिजली गिर गई। जिसके कारण मकान में नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि बच्चे यहां नहीं सो रहे थे। बच्चे कल शाम को ही मामा के घर गए हैं। इसलिए यहां घर पर कोई नहीं था। रविंद्र ने बताया कि आसमानी बिजली गिरने के कारण उनका करीब 4-5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

रविंद्र ने बताया कि उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया और घर में लगा सभी इलेक्ट्रिक सामान भी जल गया। जब बिजली गिरने की आवाज सुनी तो वे दौड़कर गए और देखा कि बिजली गिरने के कारण मकान में नुकसान हो रखा है। आसपास के घरों में भी नुकसान है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और सरकार नुकसान की भरपाई करे।

एडवोकेट केशवजीत अत्री ने बताया कि उनके पड़ोसी सुरेश हुड्‌डा के घर पर सुबह आसमानी बिजली गिर गई। जिसके कारण बिजली के सभी उपकरण भी नष्ट हो गए। ऊपर कोई सो नहीं था, इसलिए परिवार बच गया। हादसे के बाद परिवार सदमे में है और सरकार इस नुकसान की भरपाई करे। साथ ही आसपास के मकानों में भी नुकसान हुआ है।

गांव किलोई खास के सरपंच विजय कुमार ने बताया कि सुबह सुरेश हुड्‌डा के मकान पर बिजली गिरने की सूचना मिली थी। सरपंच ने सरकार इसकी भरपाई करने की मांग की है। सरपंच ने कहा कि आसमानी बिजली के कारण करीब 4 से 5 लाख का नुकसान है, इससे भी ज्यादा हो सकता है। अधिकारियों को भी इसके बारे में अवगत करवाएंगे। ताकि इस परिवार की मदद हो सके।

गांव किलोई खास निवासी कृष्णा ने बताया कि आसमान से बिजली गिरने के कारण मकान खंडहर हो गया है। बिजली का सामन भी जल गया। वहीं उनका बेटा सदमे में है। सरकार उनकी मदद करे। वहीं सचिन ने बताया कि वे सुबह घर पर बैठे थे।

इसी दौरान मकान पर आसमानी बिजली गिरी। जब जाकर देखा तो पूरा घर क्षतिग्रस्त हो गया है। जब बिजली गिरी तो उस समय यहां कोई व्यक्ति या कोई पशु नहीं था, इसलिए वे सुरक्षित बच गए। लेकिन आर्थिक नुकसान हुआ है।

Exit mobile version