हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र के गांव फेरूवाला में सोमवार तड़के आसमानी बिजली गिरने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मकान की छत और दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं, जबकि बाहर का छज्जा टूटकर गिर गया। छज्जे के नीचे रखा कूलर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बारिश शुरू होने के कारण परिवार कुछ मिनट पहले ही आंगन से कमरे में चला गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रात 3 बजे बारिश के बाद कमरे में गया परिवार

गांव के सरपंच रवि ने बताया कि शांति कुमार, पुत्र जसबीर सिंह, अपने माता-पिता, छोटे भाई, पत्नी और बेटी के साथ गांव के बस अड्डे के पास डेरे में रहता है। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है।

रविवार रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार गर्मी के कारण आंगन में सो रहा था। रात करीब 3 बजे बूंदाबांदी शुरू होने पर सभी लोग बिस्तर उठाकर कमरे में चले गए। कमरे में पहुंचने के कुछ ही मिनट बाद तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे मकान पर आ गिरी।

तेज धमाके से सहम गया परिवार

बिजली गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और कमरे की छत से सीमेंट के टुकड़े गिरने लगे। बाहर निकलकर देखा तो मकान की छत और दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी थीं। बाहर का छज्जा टूटकर नीचे गिर गया था और उसके नीचे रखा कूलर भी पूरी तरह टूट गया।

प्रशासन ने किया नुकसान का जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद सरपंच रवि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सोमवार सुबह पटवारी अनिल ने भी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। पूरे मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।

पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग

सरपंच रवि ने बताया कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और मजदूरी करके अपना गुजारा करता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन कर परिवार को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वह अपने क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत करा सके।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!