Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 5 जिलों में आज हल्की बारिश:16 सितंबर के बाद फिर सक्रिय होगा मानसून

हरियाणा में 16 सितंबर के बाद फिर से बारिश देखने को मिलेगी। आज किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट नहीं है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है, जबकि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र और करनाल में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 16 सितंबर के बाद मानसून फिर से सक्रिय होगा और हरियाणा में बारिश होगी। मानसून टर्फ श्री गंगानगर, बरेली, बाराबंकी, देहरी, पुरुलिया, दीघा होते हुए उत्तरपूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है।

हिमाचल प्रदेश पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। जिस कारण नमी वाली हवाएं तराई वाले क्षेत्रों तथा हिमालय की तलहटी की तरफ चलेंगी। जिस कारण हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है।

डॉ.खीचड़ के अनुसार, इस दौरान उत्तर क्षेत्र के जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और सोनीपत में आंशिक बादलवाई व कहीं-कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

राज्य के पश्चिमी क्षेत्र के जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर तथा दक्षिणी क्षेत्र के जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में वातावरण में नमी की अधिकता व तापमान में हल्की बढ़ोतरी से बीच-बीच में आंशिक बादलवाई तथा कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। परंतु 16 सितंबर के बाद मानसून की सक्रियता एक बार फिर से बढ़ने की संभावना बन रही है।

मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के अनुसार हरियाणा में 13 सितंबर को 9 जिलो में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं।

बाकी बचे 13 जिलों सिरसा,फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी,झज्जर,रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसी प्रकार का मौसम 15 सितंबर तक जारी रहेगा। उसके बाद 16 सितंबर से मौसम में परिवर्तन होगा और हरियाणा में मानसून सक्रिय होने से बारिश हो सकती है।

Exit mobile version