Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शादी से 4 दिन पहले बुझ गया घर का चिराग: जसिया में ऑटो पलटा, युवक की मौत

रोहतक। जिले के गांव जसिया में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही घिलौढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गांव जसिया निवासी जसवीर पुत्र करण सिंह के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाने का काम करता था। बताया जा रहा है कि जसवीर अपने दोस्त सविन के साथ सामान लेने के लिए गोहाना गया था। वापसी के दौरान जसवीर ऑटो चला रहा था, जबकि सविन उसमें बैठा हुआ था। गांव जसिया के नजदीक पहुंचते ही ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों की तरफ पलट गया। हादसे में जसवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सविन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के मुताबिक, जसवीर की शादी महज चार दिन बाद होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। चार भाई-बहनों में सबसे छोटा जसवीर परिवार का लाड़ला था।

सदर थाना पुलिस के अनुसार, सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version