हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 90 के ला फॉरेस्टा रेस्टोरेंट में डिनर के बाद माउथ फ्रेशनर की जगह पर ड्राई आइस दिए जाने से 5 लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। इस मामले में फूड एंड सेफ्टी विभाग ने रेस्टोरेंट के खिलाफ एक्शन लेते हुए लाइसेंस रद्द कर दिया है।
गुरुग्राम के जिला फूड सेफ्टी अधिकारी रमेश चौहान के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 15 दिन के अंदर रेस्टोरेंट से जवाब मांगा गया था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी रेस्टोरेंट की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया, जिसके बाद रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द कर दिया गया।
चूंकि ऐसी घटना गुरुग्राम में पहली बार हुई थी, इसलिए जिला फूड सेफ्टी विभाग ने इस घटना से सबक लेते हुए गुरुग्राम के हर रेस्टोरेंट व होटल में छापेमारी शुरू कर दी है। छापेमारी के दौरान जहां भी कहीं कोई कमी मिलती है, वहां तुरंत नोटिस दिया जाता है।
जिला फूड सेफ्टी अधिकारी रमेश चौहान
रमेश चौहान के मुताबिक पिछले कई महीनों से लगातार जिला फूड सेफ्टी विभाग की धर-पकड़ चालू है। अभी तक जिला फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुग्राम में 162 रेस्टोरेंट के सैंपल लिए हैं, जिसमें से 58 सैंपल की रिपोर्ट फेल आई है। कई सैंपल की रिपोर्ट आनी अभी बाकी भी है।
सैंपल फेल होने की रिपोर्ट के आधार पर कई मामले सीजेएम कोर्ट में भी डाले गए हैं। इनमें से 16 मामले जिला फूड सेफ्टी विभाग ने खुद एडीसी ऑफिस में दर्ज करवाए हैं। अधिकारी ने चेतावनी दी है कोई भी खान-पान के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बरतता है या लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करता है तो उसको बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा भी फूड सेफ्टी विभाग स्कूल में भी मिड डे मील के सैंपल की जांच कर रहा है।

