हरियाणा के अपने पहले एयरपोर्ट का सपना जल्द पूरा होगा। दिसंबर में ही हिसार एयरपोर्ट को हवाई जहाज उड़ाने के लिए लाइसेंस मिल सकता है। इसका प्रोसेस लगभग पूरा हो चुका है। लाइसेंस मिलते ही एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से फ्लाइट का संचालन शुरू कर देगी।
फ्लाइट के संचालन पर हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिसार आने का न्योता देगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हिसार आ चुके हैं।
वह स्पेशल बोइंग विमान से हिसार हवाई अड्डे पर आए थे। यह पहली बार था जब बोइंग विमान हरियाणा के अपने एयरपोर्ट पर उतरा। आगामी दिनों में यहां पर बोइंग विमान भी उतरेंगे।
तब प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हिसार एयरपोर्ट हरियाणा की तस्वीर को बदल देगा। इस एयरपोर्ट से ना केवल सस्ती फ्लाइट उड़ेंगी, बल्कि किसानों का सामान भी बाहर जाएगा। किसान अपनी फल-सब्जियां और अनाज बाहर भेज सकेंगे।
हिसार एयरपोर्ट शुरू हुआ तो 5 राज्यों से जुड़ जाएगा। यहां से चंडीगढ़, अयोध्या, अहमदाबाद, जयपुर और जम्मू के लिए फ्लाइट शुरू की जाएंगी। इन फ्लाइट को अगस्त में शुरू करने का प्लान था, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण ऐसा नहीं हो पाया। उड़ानों के लिए एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड के साथ समझौता हो चुका है।
