Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में तेंदुए की एंट्री; खेतों में घुसने का वीडियो आया सामने, लोग दहशत मैं, बच्चों को किया घरों में कैद

हरियाणा के भिवानी में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। गांव के नजदीक तेंदुआ देख ग्रामीणों ने इसकी वीडियो बना ली। जिसे तुरंत जिला प्रशासन को भेजा गया। इसके बाद प्रशासन ने वीडियो को सार्वजनिक करते हुए लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही वन विभाग की टीम को तेंदुएं की तलाश में रवाना कर दिया गया है। वन विभाग की टीमें गांव में पहुंचकर तेंदुएं के पैरों के निशान से उसे ढूंढ रहे हैं।

प्रशासन के मुताबिक यह तेंदुआ भिवानी जिले के बहल कस्बे के गांव मतानी के खेतों में नजर आया। उस वक्त ग्रामीण खेतों में काम करने के लिए गए थे। तेंदुए को देखते ही उन्होंने तुरंत उसकी वीडियो बना ली। इसके साथ ही तेंदुए के बारे में जिला प्रशासन और वन्य जीव विभाग को सूचना दी गई। वन्य जीव विभाग के दरोगा अजय कुमार की वहां निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है।

तेंदुए की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया है। उन्हें कहा गया है कि अगर तेंदुआ कहीं दोबारा दिखे तो उसके बारे में तुरंत प्रशासन को सूचना दें ताकि उसे पकड़ा जा सके। इसके लिए वन्य जीव विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। वन विभाग ने अनुमान जताया कि यह तेंदुआ राजस्थान के सरिस्का से आया हो सकता है।

तेंदुए का पता चलते ही मतानी समेत आसपास के गांवों में दहशत पसरी हुई है। ग्रामीण हाथों में डंडे लेकर घूम रहे हैं। फिलहाल कोई भी खेतों की तरफ नहीं जा रहा है। इसके अलावा बच्चों को भी घर के अंदर रखा गया है ताकि कहीं तेंदुआ आबादी की तरफ आकर उन पर हमला न कर दे। प्रशासन के मुताबिक तेंदुआ जिस जगह पर पहली बार देखा गया, वह गांव भिवानी शहर से करीब 60 किमी दूर है। इसलिए उसके अभी शहर में घुसने का खतरा नहीं है। हालांकि तेंदुआ गांव से किस तरफ रुख करता है, इसको लेकर कुछ नहीं कहा जा सकता।

भिवानी के वन्य-जीव जंतु विभाग के इंस्पेक्टर देवेंद्र हुड्डा ने मीडिया मे बताया कि गांव मतानी में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना कल देर शाम को मिली थी। जिसके बाद वहां पर तैनात वन दरोगा अजय कुमार को चेकिंग के लिए भेजा गया है। उसने व गांव वालों को तेंदुआ नहीं मिला है। जिस खेत में तेंदुआ दिखाई देने की बात कही गई है वह आबादी से दूर है।

Exit mobile version