रोहतक में देव हिंदू मंच के प्रधान दलजीत के घर पर गैंगस्टर लॉरेंस के नाम से एक धमकी भरा पत्र फेंका गया है। जब दलजीत सुबह टहलने के लिए निकला तो उसे यह पत्र मिला। जिसमें लिखा था कि किसान का बेटा होकर पीएम मोदी की तारीफ करता है। यह सब बंद कर दे, वर्ना अच्छा नहीं होगा।
साथ ही धमकी भरी चिट्ठी में 50 लाख रुपए भी मांगे गए हैं। दलजीत ने कुछ दिन पहले अपने एक इंटरव्यू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। इसके बाद उन्हें ये पत्र मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रोहतक के सेक्टर-1 निवासी दलजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह देव हिंदू मंच का प्रधान है। 24 फरवरी की सुबह वह उठा और टहलने हुए घर के मुख्य गेट की तरफ गया तो देखा कि घर के अंदर गेट के पास एक सफेद रंग का लिफाफा पड़ा हुआ है। जिसके अंदर एक कागज मिला।
उसने बताया कि कागज पर लॉरेंस गैंग लिखा हुआ था। साथ ही लिखा था कि किसान का बेटा होकर मोदी की तारीफ करता है, दलजीत मलिक सब बंद कर दें, वर्ना अच्छा नहीं होगा। 50 लाख भेज देना। उसने कहा कि उसकी किसी गैंग या किसी व्यक्ति से दुश्मनी नहीं हैं, लेकिन धमकी भरा पत्र किसने भेजा यह स्पष्ट नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले रोहतक के आईएमटी एरिया में भी ट्रक यूनियन प्रधान के ऑफिस में फायरिंग हुई थी। उसे भी पंजाब जेल में बंद लॉरेंस के गुर्गे मोनू डागर ने फोन पर धमकी दी और हिस्सा मांगा था, लेकिन उन्होंने हिस्सा देने से मना कर दिया और धमकी को भी हल्के में ले लिया। जिसके बाद उनके ऑफिस पर फायरिंग की। हालांकि इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
अर्बन एस्टेट थाना SHO इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने कहा कि शिकायतकर्ता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि धमकी भरी चिट्ठी फेंकने वालों का पता लग सके। पुलिस टीम इस मामले की जांच में जुटी हुई है।

