चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के छात्र आज फिर से गेट नंबर चार पर धरना दे रहे हैं. छात्रों की मांग है कि एचएयू कुलपति कार्यालय के बाहर घटना के जिम्मेदार सुरक्षा कर्मियों की स्थायी बर्खास्तगी हो. भविष्य में उनको एचएयू परिसर में किसी रूप में पुनर्नियुक्ति ना दी जाए. मुख्य सुरक्षा अधिकारी, जिनकी प्रत्यक्ष जिम्मेदारी के तहत ये घटना हुई. उनको तत्काल बर्खास्त किया जाए और वीसी, कुलसचिव को हटाया जाए. मामले की जांच हो.

इससे पहले चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में मंगलवार देर रात सुरक्षा कर्मचारियों ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया. छात्र स्कॉलरशिप नीति में बदलाव के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. विश्वविद्यालय प्रशासन के नए नियमों के विरोध में छात्रों ने कुलपति निवास के सामने धरना शुरू किया. जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया. इस घटना में तीन छात्रों को गंभीर चोटें आईं, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं हैं.

घायल छात्रों को तत्काल हिसार के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. इस मामले के बाद चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCS HAU) में तनाव की स्थिति बनी हुई है. छात्रों ने बताया कि इस घटना में करीब 15 छात्र घायल हुए हैं. जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मंगलवार रात को विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने स्कॉलरशिप नीति में बदलाव के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर कुलपति कार्यालय की ओर जाने की कोशिश की थी. छात्रों का कहना है कि उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया. इस दौरान लाठीचार्ज में छात्र दीपांशु, चक्षु और निखिल सहित कई अन्य को चोटें आईं.

प्रदर्शन कर रहे छात्र दीपांशु ने बताया कि उनके सिर पर गहरी चोट लगी है और चिकित्सकों ने पट्टी बांधी है. छात्रों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मियों ने बिना किसी उकसावे के उन पर हमला किया और उनकी मांगों को सुनने से इनकार किया गया.

छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में स्कॉलरशिप नीति में बदलाव किया है, जिसके तहत पहले 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक (OGPA 7.0) प्राप्त करने वाले सभी स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी छात्रों को स्कॉलरशिप मिलती थी. पीजी छात्रों को 6,000 रुपये और पीएचडी छात्रों को 10,000 रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जाती थी.

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!