हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मानेसर में उस समय हालात तनावपूर्ण हो गए, जब IMT क्षेत्र के बाहर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब धारा 163 लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर फैक्ट्री गेट के पास इकट्ठा हो गए थे।

जानकारी के मुताबिक, होंडा कंपनी के कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद अब सत्यम, मुंजाल शोवा, रिको समेत आधा दर्जन से ज्यादा कंपनियों के कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। कर्मचारी काम पर लौटने के लिए तैयार नहीं थे और फैक्ट्री गेट के बाहर डटे हुए थे।

पुलिस ने पहले कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। मामला बढ़ते ही धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई और आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों का मोबाइल छीनने की कोशिश भी की। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।

लाठीचार्ज के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें एक कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में धारा 163 लागू है और किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई।

वहीं, कर्मचारी नेताओं का कहना है कि कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स लंबे समय से शोषण का शिकार हो रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम का भुगतान, सुरक्षा और स्थायीकरण शामिल हैं, जो वर्षों से लंबित हैं।

इस बीच, गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार ने देर शाम बयान जारी कर बताया कि सरकार ने न्यूनतम वेतन दरों में बढ़ोतरी की है, जो 1 अप्रैल से लागू मानी जाएगी।

अकुशल श्रमिक: 11,275 से बढ़ाकर 15,220 रुपए

अर्द्धकुशल श्रमिक: 12,430 से बढ़ाकर 16,780 रुपए

कुशल श्रमिक: 13,704 से बढ़ाकर 18,500 रुपए

उच्च कुशल श्रमिक: 14,389 से बढ़ाकर 19,425 रुपए

उन्होंने कहा कि यह बढ़ोतरी करीब 35 प्रतिशत है, जिससे श्रमिकों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!