Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नामांकन वापसी के आखिरी घंटे, बागियों को मनाने में कांग्रेस ने लगाई पूरी ताकत

हरियाणा के अंबाला सिटी से कांग्रेस ने पूर्व मंत्री निर्मल सिंह को उम्मीदवार बनाया है। यहां टिकट न मिलने पर पूर्व विधायक जसबीर सिंह मलौर बागी हैं। उन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया हुआ है। आज रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा मलौर का मनाने के लिए अंबाला जाएंगे।

वहीं अंबाला कैंट विधानसभा सीट से निर्मल सिंह की बेटी चित्रा सरवारा ने भी निर्दलीय नामांकन दाखिल किया हुआ है। अभी दीपेंद्र का चित्रा के पास जाने का कार्यक्रम नहीं है।

वहीं कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा नेताओं को मनाने में जुटे हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारे अधिकांश नेता पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में नाम वापस लेने के लिए सहमत हो गए हैं। वही दीपेंद्र का कहना है कि आज कम से कम 12 नेता अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक नलवा से वरिष्ठ नेता संपत सिंह, हांसी से प्रेम सिंह मलिक और अंबाला से जसबीर मलौर के पीछे हटने की संभावना है। कुछ अन्य के साथ बातचीत अभी भी जारी है।

हिसार में भाजपा की महिला मोर्चा की पूर्व प्रधान गायत्री देवी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा की मौजूदगी में कांग्रेस जॉइन कर ली है।

भिवानी जिले की बवानी खेड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के बागी रामकिशन फौजी ने नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप नरवाल को समर्थन दिया है।

Exit mobile version