Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन, 5 श्रद्धालुओं की मौत, रोकी गई यात्रा

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर बने माता वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में बड़ी अनहोनी हुई है। मंगलवार दोपहर को माता वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में भूस्खलन हुआ। इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की जान चली गई और 14 लोग घायल हो गए। लगातार बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ। इसके चलते वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा को रोक दिया गया है। मौके पर बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों ने बताया कि हिमकोटि मार्ग पर यात्रा पहले ही रोक दी गई थी। भारी बारिश के कारण पुराने मार्ग पर भी यात्रा स्थगित कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ। यह घटना दोपहर लगभग 3 बजे घटी। उन्होंने बताया कि पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर यह घटना हुई। यह रास्ता 12 किलोमीटर लंबा है और घुमावदार है। भूस्खलन रास्ते के लगभग आधे हिस्से पर हुआ। इसके चलते हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

अधिकारियों ने बताया कि हिमकोटि मार्ग पर यात्रा सुबह से ही रोक दी गई थी। लेकिन पुराने मार्ग पर यात्रा दोपहर 1.30 बजे तक जारी थी। हालांकि, भारी बारिश को देखते हुए अधिकारियों ने अगले आदेश तक इस रास्ते से भी यात्रा रोकने का फैसला किया।

जम्मू में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इससे भारी नुकसान होने की आशंका है। बारिश के कारण पहाड़ों से मिट्टी और पत्थर खिसकने का खतरा बढ़ गया है। इसी वजह से वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में भूस्खलन हुआ। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम ठीक होने तक यात्रा न करें। यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अर्द्धकुंवारी में भूस्खलन की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में पांच लोगों की जान चली गई है और 14 अन्य घायल हो गए हैं। बचाव अभियान जारी है।

पंजाब के मोहाली की किरण भी उन लोगों में शामिल थीं जो पत्थरों, पेड़ों और चट्टानों की बारिश के बीच घिर गई थीं। किरण ने कटरा के एक अस्पताल में संवाददाताओं से कहा कि मैं दर्शन करने के बाद पहाड़ी से नीचे आ रही थी। तभी लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। मैंने पत्थर गिरते देखे। मैं सुरक्षित स्थान की ओर दौड़ी, लेकिन घायल हो गई। हादसे से बाल-बाल बची और घटना से बदहवास एक अन्य लड़की ने बताया कि हम पांच लोगों का समूह थे जिनमें से तीन घायल हैं। जम्मू में बीते तीन दिन से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे भारी नुकसान की आशंका हैं।

इससे पहले 23 जून को माता वैष्णो देवी मंदिर के नए यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हो गया था। इसके कारण बैटरी कार सेवा को स्थगित करना पड़ा। हालांकि भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कोई हताहत नहीं हुआ था। हालांकि उस दौरान तीर्थयात्रा पुराने मार्ग से संचालित की जा रही थी। अधिकारियों ने बताया था कि हिमकोटी मार्ग पर ‘सत्या व्यू प्वाइंट’ के पास जिस समय भूस्खलन हुआ तब वहां श्रद्धालुओं की आवाजाही नहीं थी। उन्होंने बताया था कि श्राइन बोर्ड ने तुरंत अपने कर्मियों और मशीनों को 30 फीट से अधिक क्षेत्र में फैले मलबे को साफ करने के काम में लगा दिया था

Exit mobile version