Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में KYC के नाम पर हड़पे लाखों रुपए

रोहतक जिले में गांव ब्राह्मणवास निवासी युवक के साथ क्रेडिट कार्ड की KYC के नाम पर ठगी हो गई। आरोपियों ने युवक से 1 लाख रुपए से अधिक ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दी है

पीड़ित राकेश कुमार ने बताया कि वह ढाबे पर काम करता है। उसके पास 3 अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड हैं, जिनमें से एक SBI का है। राकेश ने बताया कि SBI का क्रेडिट कार्ड बंद करवाने के लिए गूगल से नंबर निकालकर कॉल की थी। कॉलर ने उसकी बात को सुना और कुछ देर बाद फोन करने के लिए कहा।

राकेश ने बताया कि उसके मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आया और कॉलर ने केवाईसी करवाने के लिए एक लिंक भेजा। जैसे ही लिंक पर क्लिक किया तो उसमें खाते से संबंधित जानकारी मांगी गई। जानकारी देने के बाद उसके एटीएम कार्डों से 1,05,689 रुपए 3 ट्रांजेक्शन से निकाले गए।

राकेश ने बताया कि उसके पास रुपए निकलने का मैसेज आया तो उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज करवाया है। उसके खाते से 26 मार्च को पैसे निकाले गए है, जिसमें पहली बार में 90 हजार 247, दूसरी बार 7 हजार 721 और तीसरी बार 7 हजार 721 रुपए निकाले गए।

साइबर क्राइम थाना एसएचओ कुलदीप ने बताया कि धोखाधड़ी को लेकर एक शिकायत मिली है। पुलिस ने मामले में पीड़ित राकेश की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। एसएचओ कुलदीप ने कहा कि किसी के साथ धोखाधड़ी होती है तो तुरंत इसकी शिकायत 1930 पर दर्ज करवाए।

Exit mobile version