Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

लाडो लक्ष्मी योजना का पैसा अब हर महीने नहीं मिलेगा:हिसार में CM सैनी के बदलाव के संकेत, कहा- इकट्‌ठा पैसा महिलाओं के काम आएगा

हरियाणा के हिसार में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं को राहत देते हुए लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना की आर्थिक सहायता दो किस्तों में दी जाएगी। इस बारे में अधिकारियों से चर्चा की है।

हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत 2024 विधानसभा चुनाव के घोषणा-पत्र में महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण देने के वादे के साथ हुई। मार्च 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट भाषण में योजना का औपचारिक ऐलान किया और इसके लिए 5,000 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा।

योजना सितंबर 2025 में योजना लॉन्च हुई और 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के मौके पर 2,100 रुपए की मासिक किस्त DBT के जरिए मिली। अब मुख्यमंत्री ने हिसार में आयोजित दादा बाढ़ देव जन्मोत्सव कार्यक्रम में घोषणा की है कि महिलाओं को यह राशि दो बड़ी किस्तों में दी जाएगी, ताकि वे इसे रोजगार या किसी बड़े काम में उपयोग कर सकें। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के लिए नई नौकरियों, नई IMT खोलने और गांव के विकास से जुड़े ऐलान भी किए।

बताया जा रहा है कि बिहार के नतीजे देखने के बाद हरियाणा की भाजपा सरकार लाडो लक्ष्मी योजना में यह बदलाव करने की सोच रही है। दरअसल, बिहार में चुनाव को देखते हुए नीतीश सरकार ने महिलाओं के खाते में सितंबर व अक्टूबर में 10-10 हजार रुपए ट्रांसफर किए। यह पैसा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दिया गया। बिहार में करीब 75 लाख महिलाएं इसकी पात्र हैं। इसका फायदा NDA को चुनाव में मिला।

एक साथ पैसा देने से महिलाओं में मैसेज बड़ा गया। इसी वजह से हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए हर महीने देने की बजाय साल में दो बार (12600-12600) देने की तैयारी है। सरकार व पार्टी की सोच है कि एक साथ पैसा महिलाओं के खाते में जाएगा तो इससे बड़ा मैसेज जाएगा।

वहीं मंच पर बोलते हुए BJP प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि पहले हरियाणा का मुख्यमंत्री एक जाति का होता था। मगर अब हरियाणा का सीएम पूरी कौम का है। सतीश पूनिया ने इस आयोजन के लिए प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया को बधाई दी और कहा कि दादा बाढ़ को याद करने का इससे अच्छा मौका और कोई नहीं हो सकता था।

Exit mobile version