कुरुक्षेत्र के पॉश इलाके सेक्टर-3 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HPCB) में तैनात एसडीओ हरप्रीत सिंह की 27 वर्षीय पत्नी काजल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर पंखे से फंदे पर लटकता हुआ मिला। मृतका की शादी को अभी महज आठ महीने का ही वक्त बीता था। घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे मायके वालों ने जमकर हंगामा काटा और एसडीओ पति पर दहेज की खातिर प्रताड़ित करने, किसी दूसरी लड़की से अवैध संबंध रखने और सोची-समझी साजिश के तहत बेटी की हत्या करने का सीधा आरोप जड़ा है।
मृतका के पिता हरपाल सिंह (निवासी मोहन नगर, कुरुक्षेत्र) ने पुलिस को दी शिकायत में भारी मन से बताया कि उन्होंने अपनी बेटी काजल की शादी 29 नवंबर 2025 को हरप्रीत सिंह के साथ बड़े धूमधाम से की थी। शादी के समय गाड़ी के लिए 8 लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। शादी के कुछ ही समय बाद हरप्रीत की एसडीओ के पद पर नौकरी लग गई, जिसके बाद से ही उसके और उसके परिवार के तेवर बदल गए। आरोप है कि नौकरी मिलते ही हरप्रीत बड़ी गाड़ी की मांग को लेकर काजल को शारीरिक व मानसिक रूप से टॉर्चर करने लगा था।
मृतक महिला के पिता ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि हरप्रीत का किसी दूसरी युवती के साथ अफेयर चल रहा था, जिससे वह देर रात दो-दो बजे तक फोन पर बातें करता था। घटना वाले दिन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे काजल की अपने पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। पिता का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने से 2-3 महीने पहले ही आरोपी ने अपने माता-पिता को सोची-समझी रणनीति के तहत ऑस्ट्रेलिया भेज दिया था। कल जब रिश्तेदार से सूचना पाकर वे मौके पर पहुंचे तो काजल चुन्नी के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। परिजनों का दावा है कि पहले काजल की हत्या की गई और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया।
: हरपाल ने आरोप लगाया कि काजल की हत्या के बाद उसे फांसी पर लटकाया गया। पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया गया। दामाद हरप्रीत का किसी दूसरी युवती के साथ अफेयर चल रहा था। वह रात 2 बजे तक उस युवती से बातचीत करता था। पूरी प्लानिंग से यह हत्या की है। इसके लिए उसने 2-3 महीने पहले ही अपने माता-पिता को ऑस्ट्रेलिया भेज दिया था।
उधर, पुलिस को काजल के कमरे से एक नैपकिन मिला। इस नैपकिन पर I M NOT WELL SORRY लिखा हुआ मिला। पुलिस ने नैपकिन को कब्जे में लिया है। इसके अलावा पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। साथ ही शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
