Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कुल्हड़ पिज्जा कपल का अब पड़ोसियों से विवाद : कंस्ट्रक्शन को लेकर दुकानदार के साथ लड़ाई, अश्लील गालियां निकाली

कुछ दिन पहले हाथों में खिलौना बंदूक लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर गन कल्चर को बढ़ावा देने वाला जालंधर का मशहूर कुल्हड़ पिज्जा कपल अब पड़ोसियों के साथ लड़ाई को लेकर चर्चा में आ गया है। दोनों का अपने पड़ोसी दुकानदार से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इस झगड़े की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस वायरल वीडियो में दोनों मियां-बीबी और उनके पड़ोसी एक दूसरे को अश्लील गालियां निकाल रहे हैं।

जालंधर शहर के वाल्मीकि चौक पर कुल्हड़ पिज्जा कपल और उनके पड़ोसियों के बीच सिर्फ अश्लील गालियां ही नहीं चलीं बल्कि हल्की सी धक्का-मुक्की भी हुई है। कुल्हड़ पिज्जा के मालिक सहज अरोड़ा अपने पड़ोसी को दोनों की बाउंडरी के मध्य लगाई गई रस्सियों में से खींचने का प्रयास करता है, लेकिन बीच में कुछ लोग पड़ जाते हैं और दोनों को छुड़ा देते हैं। इसके बाद सहज को लोग पीछे ले जाते हैं तो फ्रंट पर उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर मोर्चा संभाल लेती हैं। वह भी अश्लील गालियां देते हुए हाथापाई पर उतारु हो जाती है, लेकिन पड़ोसी की बेटियां अपने पिता को खींच कर दुकान के भीतर ले जाती हैं।

भगवान वाल्मीकि चौक पर दोनों गुटों में झगड़ा कंस्ट्रक्शन को लेकर हुआ है। शायद जो ग्राहकों के लिए फ्रेश बाइट या फिर कुल्हड़ पिज्जा रेहड़ी के पास जो स्टैंडिंग टेबल लगा रखे थे वह पड़ोसियों ने वहां से निर्माण कार्य को लेकर हटा दिए थे। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हुई थी। इस सारे घटनाक्रम को किसी ने मोबाइल फोन में कैद कर लिया और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

भगवान वाल्मीकि चौक पर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाने वाले मियां-बीबी रेहड़ी पर भीड़ के कारण वहां से निकलती एक गली के ब्लॉक रहने पर लोगों को होने वाली परेशानी के कारण पहले चर्चा में आए थे। लोगों ने दोनों के खिलाफ मोर्चा खोला था कि रास्ते पर वाहनों के खड़े रहने के कारण उन्हें आने-जाने में दिक्कत होती है। इस पर भी काफी विवाद हुआ था।

Exit mobile version