हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को दिल्ली स्थित आवास पर कुलदीप बिश्नोई से मुलाकात की थी। इस दौरान नलवा विधायक रणधीर पनिहार भी मौजूद थे। अब इस मुलाकात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुलदीप बिश्नोई, पनिहार के मुख्यमंत्री के साथ आने को लेकर तंज कसते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में कुलदीप बिश्नोई, रणधीर पनिहार की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, “यह तो आजकल आपका पूरा भक्त हो रहा है।” यह बात सुनकर मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मुस्कुरा देते हैं और जवाब में कहते हैं, “नहीं, ऐसा नहीं है। भक्त तो आपका ही है
कुलदीप बिश्नोई की इस टिप्पणी के राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। हाल ही में दिल्ली से लौटने के बाद कुलदीप बिश्नोई ने अपने खास समर्थकों के साथ एक बैठक की थी, जिसमें रणधीर पनिहार नजर नहीं आए थे। वहीं, उसी दिन पनिहार चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मौजूद थे।
हालांकि, जब रणधीर पनिहार से इस बारे में सवाल किया गया था तो उन्होंने कहा था कि उन्हें उस बैठक की जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह कोई पार्टी की आधिकारिक बैठक नहीं थी। कुलदीप बिश्नोई अपने स्तर पर बैठकें बुलाते रहते हैं और वह उनके काफी करीबी हैं।
इसके अलावा, हाल ही में योग दिवस से जुड़े एक कार्यक्रम में भी पनिहार मुख्यमंत्री के साथ योग करते नजर आए थे
रणधीर पनिहार कुलदीप बिश्नोई के करीबियों में गिना जाता है। 2024 के विधानसभा चुनाव में रणधीर पनिहार को भाजपा का टिकट दिलाने के लिए कुलदीप बिश्नोई ने सक्रिय लॉबिंग की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने पनिहार के समर्थन में चुनाव प्रचार भी किया था।
विधानसभा चुनाव में रणधीर पनिहार जीत हासिल करने में सफल रहे, लेकिन आदमपुर सीट से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, कुलदीप बिश्नोई के भाई दुदाराम बिश्नोई भी फतेहाबाद विधानसभा सीट से चुनाव नहीं जीत सके थे।
