Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी में दिनदहाड़े सरेबाजार पॉश मार्केट में 2 छात्रों को घोंपा चाकू; एक की हालत गंभीर

रेवाड़ी जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीच बाजार पॉश मार्केट में बदमाशों द्वारा कॉलेज के 2 स्टूडेंट्स पर चाकुओं से हमला करने का मामला सामने आया है। बीच बाजार हुई इस वारदात के बाद पूरी मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना के बाद डीएसपी से लेकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के गांव नैचाना निवासी प्रवीन व राजपुरा खालसा निवासी ललित दोनों शहर के ही अहीर कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। दोनों आपस में दोस्त हैं। शुक्रवार की दोपहर करीब 1 बजे दोनों बाइक पर सवार होकर ब्रास मार्केट में किसी काम से आए थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने दोनों पर अटैक कर दिया।

सबसे पहले प्रवीन को चाकू मारा और उसके बाद ललित को चाकू मारा। चाकू से हमला होते ही दोनों बाइक से नीचे गिर गए। सड़क पर दोनों को लहूलुहान पड़ा हुआ देख मार्केट में सनसनी फैल गई। ब्रास मार्केट में हमेशा भीड़भाड़ रहती है, जिसकी वजह से वारदात के बाद यहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना प्रभारी कबूल सिंह के अलावा डीएसपी मोहम्मद जमाल खान भी पहुंचे। दोनों घायलों को रेवाड़ी के ही ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, मामला आपसी रंजिश का है।

इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो चुका है। हालांकि अभी हमलावरों का पता नहीं चल पाया है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, जिससे हमलावरों का पता लगाया जा सके।

Exit mobile version