Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भाजपा विधायक के स्कूल में चले चाकू-रॉड: मामला लड़की से छेड़छाड़ का

हरियाणा में करनाल के राइजिंग सन पब्लिक स्कूल के मेन गेट के बाहर छात्रों के बीच चाकू और रॉड चल गए।मामला लड़की से छेड़छाड़ का बताया जा रहा है। दो छात्रों के बीच हुए विवाद में जिस तीसरे को चाकू मारे गए, वह बीच-बचाव करने आया था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई।

राइजिंग सन पब्लिक स्कूल घरौंडा के पास जीटी रोड पर कुटेल गांव के पास बना हुआ है। यह स्कूल घरौंडा के भाजपा विधायक हरविंद्र कल्याण का है। यहां 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की बहन को उसी की कक्षा में पढ़ने वाला एक लड़का छेड़ता था।छात्र ने उस लड़के को ऐसा न करने के लिए समझाया तो उसने रंजिश पाल ली और छात्र को सबक सिखाने के लिए कुछ लड़के बुला लिए। सोमवार को छुट्‌टी के बाद छात्र जैसे ही अपनी बहन के साथ स्कूल के गेट से निकला, उन लड़को ने उसे पीटना शुरू कर दिया। मारपीट होते देखकर 12वीं में पढ़ने वाला रोहित बीच-बचाव करने आया तो लड़को ने उस पर भी चाकुओं से हमला कर दिया। घायल रोहित को पहले कुटेल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद परिवार वाले उसे करनाल के निजी अस्पताल में ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारपीट करने वाले लड़के कुटेल गांव के ही हैं। उन लड़कों ने रोहित पर चाकुओं और रॉड से हमला किया। जब तक बाकी लोग छुड़वाने आए, तब तक हमला करने वाले वहां से निकल गए।

घायल रोहित के पिता विक्रम ने बताया कि उनके बेटे पर हमला करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जब एक विधायक के स्कूल में सरेआम ऐसा हो रहा है तो बाकी जगह क्या हालत होगी। मधुबन थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर सज्जन ने बताया कि पुलिस को स्कूल के बाहर झगड़े की सूचना मिली तो उन्होंने कुछ मुलाजिम मौके पर भेज दिए। पुलिस घायल छात्र का बयान लेने के लिए अस्पताल भी गई मगर वह बयान देने लायक स्थिति में नहीं था इसलिए पुलिस लौट आई। घायल छात्र के बयान लेने और शिकायत मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version