रोहतक में दिल्ली के रोहिणी निवासी एक महिला ने एसपी को शिकायत दी। जिसमें कहा कि उसका नाबालिग बेटा उसकी बहन के पास रोहतक के अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र के एक गांव में आया हुआ था। 30 सितंबर को उसका बेटा यहां आया था। उसके बेटे की गांव की ही एक लड़की के साथ दोस्ती थी। उसका बेटा उक्त युवती से रोहतक के शीला बाईपास पर मिला। जब शीला बाईपास से चला तो एक आरोपी नरेश उर्फ राज भी वहां मौजूद था।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने उसके नाबालिग बेटे गन प्वाइंट पर जबरदस्ती अपनी गाड़ी में अपहरण करके बैठा लिया। अपहरण करके उसके बेटे को अपनी फार्म हाउस पर ले गया और ऊपर बने कमरे में ले गया। जहां पर उसके बेटे के कपड़े उतारकर मारपीट की। इस दौरान नाबालिग की वीडिया भी बना ली। वहीं लोहे की रॉड से भी उसके बेटे के सिर, पैर व हाथों पर मारा और अन्य आरोपियों ने लात-घुसे मारे। इसके बाद आरोपी ने धमकी देते हुए उसके बेटे से कहा कि अपनी मां को मुकदमा उठाने के लिए बोलना। नहीं तो तेरा व तेरी मां का इससे भी बुरा हाल होगा। साथ ही वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने झूठे रेप केस में जेल भिजवाने की धमकी भी दी। अपहरण व मारपीट के मुकदमे से बचने के लिए उसके बेटे की जो दोस्त युवती थी उससे थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई। जिसके बाद उसका बेटा गिरफ्तार हो गया। फिलहाल उसके बेटे की जमानत हो चुकी है। इसकी शिकायत पुलिस को भी दी थी, लेकिन पुलिस ने भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं की। उल्टा उसके बेटे पर ही केस दर्ज करवा रखा है। महिला ने बताया कि उसने आरोपी के खिलाफ शाहबाद डेयरी थाना आउटर नार्थ दिल्ली में केस दर्ज करवा रखा है। उस मुकदमें में राजीनामा करने का दबाव बना रहा है। फिलहाल पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी।

