रोहतक के सेक्टर-3 में द लिटिल श्री स्कूल के सामने से दूसरी क्लास में पढ़ने वाले बच्चे का दिन-दहाड़े अपहरण कर लिया गया। मामले में अपहरण के आरोप में बच्चे के पिता व बुआ पर ही लगा है। नाना उद्योगपति सुरेंद्र दांगी ने दोनों पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि बच्चे के परनाना छुट्टी के समय जब उसे स्कूल से लेकर घर आने के लिए कार में बिठाने लगे तभी उसे पिता मनोज व बुआ उसे जबरन छीन कर ले गए। पुलिस ने नाकाबंदी करवाई और वाहनाें की जांच शुरू कर दी।
सेक्टर-3 निवासी कारोबारी सुरेंद्र दांगी ने बताया कि उसकी बेटी निहारिका आयरलैंड में रहती है। जिसकी शादी झंग कॉलोनी निवासी मनोज से हुई थी। दोनों के बीच तलाक का केस भी चल रहा है। निहारिका का छह साल का बेटा लवयांश उर्फ आरव उनके पास रह रहा है। उसकी कस्टडी कोर्ट से उन्हें मिली है। बेटे को पाने के लिए मनोज उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी देता है। गुरुवार को लवयांश के परनाना कपूर सिंह व नानी उसे लेने दोपहर 1:40 बजे स्कूल गए।
आरोप है कि जैसे ही वह कार में बठने लगे तभी वहां पर मनोज अपनी बहन रेखा के साथ आ गया। दोनों ने लवयांश को जबरन छीन लिया और वहां से चले गए। वहीं वारदात के बाद घर पर पहुंचे दी राेहतक आईडीसी एसाेसिएशन के अध्यक्ष एसके खटाेड़ ने बताया कि इस मामले में पुलिस काे सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उद्योगपति सुरेंद्र दांगी के साथ पूरी एसाेसिएशन खड़ी है। किसी भी स्तर पर आदाेलन करना पड़ा ताे पीछे नहीं हटेंगे।
ऑटो पार्ट्स फैक्ट्री के मालिक बच्चे के नाना सुरेंद्र दांगी देर रात तक परेशान रहे। उन्हाेंने बताया कि थाना पुलिस व सीआईए की टीम लगातार छापेमारी कर रही हैं। बच्चे के पिता की तलाश की जा रही है। सुरेंद्र के अनुसार मनोज उनकी बेटी निहारिका को भी परेशान करता था। वहीं अब दोहते की कस्टडी होने के बाद भी मनोज ने बच्चे का अपहरण कर कोर्ट के निर्णय को भी नहीं माना है। उन्हें डर है कि वह बच्चे के साथ कुछ गलत न कर दें।
बच्चे के नाना सुरेंद्र दांगी ने बताया कि स्कूल करीब डेढ़ किलोमीटर ही दूर है। बच्चे को स्कूल ले जाने व लाने का काम वह खुद करते थे। गुरुवार को आईएमटी स्थित फैक्ट्री में थे। इसलिए घर पर ही मौजूद उनके ससुर व सास बच्चे को लेने चले गए। अपहरण की सूचना उन्होंनें फोन पर दी। आरोपी ने घटना से पहले स्कूल के बाहर यह भी पूछा था कि यहां सीसीटीवी हैं या नहीं।
टीम बनाकर बच्चे और उसके पिता की तलाश की जा रही है। मामले में बच्चे के नाना की शिकायत पर अपहरण व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा। -सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना अर्बन एस्टेट।
