हरियाणा के रोहतक में इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए अपने पालतू कुत्ते को बचाने के लिए नहर में कूदे एक किशोर का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस और SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली।

रोहतक की जवाहर लाल नेहरू (JLN) नहर में डूबने वाले किशोर की पहचान खुशहाल (पुत्र सतपाल), निवासी बाग वाली गली, शीतल नगर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, खुशहाल 1 अगस्त को अपने एक दोस्त के साथ पालतू कुत्ते को टहलाने नहर किनारे गया था। इसी दौरान कुत्ता अचानक नहर में कूद गया। उसे बचाने के लिए खुशहाल भी बिना देर किए नहर में उतर गया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह खुद पानी में बह गया।

बताया गया कि खुशहाल के साथ मौजूद उसके दोस्त को भी तैरना नहीं आता था। उसने खुशहाल को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद वह मदद के लिए दौड़ा, लेकिन आसपास कोई नहीं मिला। बाद में उसने घर जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दी।

भाखड़ा हेड तक चल रहा सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद से शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस और SDRF की टीम लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है। टीम ने भाखड़ा हेड तक तलाश की, लेकिन 48 घंटे बीतने के बाद भी खुशहाल का कोई पता नहीं चल पाया है।

तीन दिन पहले ही छोड़ा गया था नहर में पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, जेएलएन नहर में तीन दिन पहले ही पानी छोड़ा गया था और अगले ही दिन यह हादसा हो गया। पिछले महीने भी पानी छोड़े जाने के बाद एक युवक इसी नहर में डूब गया था। लोगों का कहना है कि नहर किनारे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं, लेकिन इन्हें रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे।

पुलिस क्या बोली?

शिवाजी कॉलोनी थाना के जांच अधिकारी संजीव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक किशोर अपने कुत्ते को बचाने के लिए नहर में उतरा था, लेकिन तेज बहाव में बह गया। पुलिस और SDRF की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है और जल्द उसे खोजने का प्रयास किया जा रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!