रोहतक में 16 से 18 दिसंबर तक राज्य स्तरीय खेलो हरियाणा गेम कराई जाएंगी। जिसमें प्रदेशभर के 1386 खिलाड़ी चार खेलों में भाग लेंगे। जिनमें 770 लड़के तथा 616 लड़कियां शामिल हैं। राज्य स्तरीय खेलो हरियाणा के तहत टेबल टेनिस, थांग-ता, कुश्ती व कबड्डी की खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
DC यशपाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 16 से 18 दिसंबर तक रोहतक में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेलो हरियाणा खेल प्रतियोगिताओं के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं। आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में अंडर 18 आयु वर्ग में लड़के व लड़कियों की टेबल टेनिस, थांग-ता, कुश्ती व कबड्डी की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होगी, जिनमें 770 लड़के व 616 लड़कियां भाग लेंगी।
लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में राज्य स्तरीय खेलो हरियाणा खेल प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए डीसी ने बैठक ली। जिसमें अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए ठहरने, खाने-पीने के अलावा अन्य सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
राज्य स्तरीय खेलो हरियाणा खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 दिसंबर को सुबह 10 बजे स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में होगा। समापन समारोह 18 दिसंबर को दोपहर बाद आयोजित किया जाएगा। उन्होंने खेल विभाग की उपनिदेशक सुनीता खत्री को खेल प्रतियोगिताओं के लिए स्थल निर्धारण करने व पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुंडू से लड़कियों के ठहरने तथा सभी खेल स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के लिए कहा।
प्रतियोगिता को लेकर सिविल सर्जन द्वारा प्रतियोगिता स्थलों पर डॉक्टर व स्टाफ सहित एम्बुलेंस तैनात की जाएगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार खिलाड़ियों को प्रतियोगिता स्थल तक लाने-ले-जाने के लिए बस उपलब्ध करवाई जाए। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि खेल प्रतियोगिताओं के उद्घाटन व समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम तैयार करवाए।
16 से 18 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेलों हरियाणा खेल प्रतियोगिता में 1386 खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें 770 लड़के तथा 616 लड़कियां शामिल है। टेबल टेनिस में 220 लड़के व लड़कियां, थांग-ता में 88 लड़के व 88 लड़कियां, कुश्ती में कुल 462 खिलाड़ियों में से 308 लड़के एवं 154 लड़कियां तथा कबड्डी में 264 लड़के व 264 लड़कियां भाग लेंगी।

