Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खाटूश्याम मंदिर सेवा समिति की SUV ने युवक को कुचला,मौत:गाड़ी से शराब की बोतलों से भरा कार्टन मिला; ओवर स्पीडिंग के 9 चालान पेंडिंग

पुष्कर से अजमेर आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक-एक कर तीन बाइक को टक्कर मार दी। 5 बाइक सवार युवकों को कार घसीटती हुई लेकर गई। इस हादसे में एक युवक की मौत भी हो गई है।

टक्कर मारने वाली गाड़ी खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे के बाद गाड़ी के पास समिति के सदस्य घायल मिले। पुलिस को कार से शराब की बोतलों से भरा कार्टन भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है।

हादसा सोमवार रात करीब पौने दस बजे पुष्कर थाना क्षेत्र के पुष्कर घाटी के पास हुआ। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें समिति के सदस्य दिग्विजय सिंह घायल हालत में दिख रहे हैं। इस मामले को लेकर पुलिस कुछ भी स्पष्ट बताने से बच रही है।

उधर, इस मामले में मंदिर समिति के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड फॉर्च्यूनर कार सोमवार रात 9:45 बजे पुष्कर से अजमेर आ रही थी। तभी हादसा हो गया। बाइक सवार रवि की मौत हो गई। वह धौलाभाटा (अजमेर) का रहने वाला था। रवि (35) के बहनोई नगरा (अजमेर) के रहने वाले जितेंद्र उर्फ सोनू घायल हैं। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। दोनों पेंटिंग का काम करते थे।

दूसरी बाइक पर शास्त्री नगर रहने वाले रोहित (22) अपने चाचा मधुसूदन वैष्णव (29) के साथ थे। ये चाचा-भतीजा भी घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को जेएलएन हॉस्पिटल पहुंचाया। तीसरा बाइक सवार भी घायल हुआ था। उसे भी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वह हॉस्पिटल से बिना एंट्री करवाए चला गया।

पुलिस को कार से शराब की बोतलों से भरा कार्टन मिला है। एक बोतल सीट पर खुली हुई मिली। आशंका जताई जा रही है कि कार ड्राइवर नशे में रहा होगा। सूत्रों के अनुसार, इस कार पर ओवर स्पीडिंग के 9 चालान पेंडिंग चल रहे हैं।

उधर, रवि (मृतक) के पिता किशोर कुमार रेलवे से रिटायर्ड हैं। उन्होंने पुष्कर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। रवि की चार बहनें हैं। 2 की शादी हो चुकी है।

सोमवार रात हुए हादसे से संबंधित जानकारी लेने के लिए पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह को कॉल किया गया। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। एडिशनल एसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद ने कहा कि फॉर्च्यूनर गाड़ी किसके नाम है, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी का यह जवाब हास्यास्पद है। घटना के 15 घंटे से ज्यादा हो गए, पर पुलिस अभी यह पता नहीं लगा पाई की गाड़ी किसके नाम रजिस्टर्ड है। इसी से साफ है कि पुलिस इस मामले को लेकर किस तरह चुप्पी साधी हुई है।

Exit mobile version