भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी के लिए पहलवानों का दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना आज 15वें दिन भी जारी है। जंतर-मंतर पर रविवार को देशभर की खापों की महापंचायत हुई। साढ़े 4 घंटे चली इस महापंचायत में WFI अध्यक्ष बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया।
महापंचायत के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने उसमें लिए गए फैसले की जानकारी दी। टिकैत ने कहा कि रेसलर्स के धरने को 15 दिन हो गए। हम सरकार को 15 दिन और देते हैं। सरकार इस मसले का समाधान निकाले। यह समय 20 मई तक का है। हल न निकलने पर 21 मई को फिर महापंचायत होगी जिसमें बड़े से बड़ा निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेंगे। 20 मई तक कोई फैसला न होने पर ये आंदोलन देशभर में खड़ा किया जाएगा।
इससे पहले रविवार सुबह खाप महापंचायत के लिए पंजाब से किसान भी जंतर-मंतर पर पहुंचे। रविवार सुबह टिकरी बॉर्डर पर रोके जाने पर किसान नेताओं के साथ आई महिलाओं ने बैरिकेड्स हटा दिए। इसके बाद पुलिस ने इन्हें दिल्ली में एंट्री की मंजूरी दे दी। इसके बाद किसान बसों और छोटी गाड़ियों से जंतर-मंतर पहुंचे।
इस बीच WFI अध्यक्ष बृजभूषण ने वीडियो मैसेज जारी किया है। उन्होंने कहा, “खाप के मेरे चाचा-ताऊ, मैं आपको दिल्ली आने से नहीं रोक रहा, लेकिन जिस दिन दिल्ली पुलिस की जांच पूरी होगी और अगर मैं दोषी पाया गया तो मैं आप सब के बीच खुद आउंगा। आप सब जूते मार-मार कर मेरी हत्या कर देना।
आपसे से भी विनती है कि आपके गांव से कोई बच्चा, महिला, लड़की कुश्ती खेलती हो तो उनसे 1 मिनट के लिए अकेले में ले जाकर पूछ लेना कि बृजभूषण पर जो आरोप लगे हैं, क्या वो ऐसा ही हैं? आपसे यही कहना चाहता हूं कि बच्चे गलती करते हैं, आप न करो।”

