केरल में इस साल निपाह वायरस का पहला मामला सामने आया है। इसकी पुष्टि गुरुवार को हुई। संक्रमित 43 वर्षीय व्यक्ति कोझिकोड का निवासी है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मरीज को हल्का बुखार होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए कोझिकोड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीज कई लोगों के संपर्क में आया था। एहतियात के तौर पर अस्पताल के स्टाफ और उसके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, हालांकि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं बताई गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, मरीज ने हाल ही में एक गोदाम किराए पर लिया था और खुद उसकी सफाई की थी। आशंका है कि इसी दौरान वह संक्रमण की चपेट में आया। निपाह वायरस मुख्य रूप से फ्रूट बैट (फल खाने वाले चमगादड़ों) से फैलता है।
