हरियाणा के करनाल जिले में शुक्रवार को जाटो गेट निवासी मृतक हलवाई प्रदीप का अंतिम संस्कार किया गया। लेकिन उससे पहले पुलिस ने शुक्रवार सुबह हत्यारोपियों को हिरासत में लिया और मृतक की पत्नी को नौकरी की मांग पूरी की गई। इसके बाद ही अंतिम संस्कार किया गया, जबकि 3 दिन पहले प्रदीप का पोस्टमार्टम हो गया था, लेकिन परिजन मांगें पूरी होने तक संस्कार नहीं करने पर अड़े थे। अब जिला प्रशासन ने परिजनों की मांग को मान लिया है। पिछले दो दिनों से पुलिस मृतक के परिजनों को मनाने का काम कर रही थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। मृतक के भाई राहुल ने बताया कि प्रदीप हलवाई का काम करता था। हलवाई के काम के लिए वह सैनी टेंट हाउस से बर्तन लेता रहता था। लेकिन प्रदीप टेंट हाउस के कुछ बर्तन वापस नहीं दे सका। इसको लेकर उनके बीच में तकरार चल रही थी। 7 जनवरी को टेंट हाउस वाले प्रदीप को घर से बुलाकर गोदाम में ले गए। वहां पर उसके साथ मारपीट की। उसके सिर में चोट मारी थी। मारपीट के बाद आरोपी प्रदीप को घर छोड़ गए।
सिर पर चोट लगी होने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में खून की उल्टी भी हुई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज तो कर लिया, लेकिन आरोपियों को नहीं पकड़ रही थी। प्रदीप की करीब साढ़े 4 साल पहले शादी हुई थी। दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी तीन साल और छोटी बेटी एक साल की है। बहन ने बताया कि घर से दो लोग आकर ले गए थे। दो रात रखा। आरोपियों ने उसे डराया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने बताया कि उसको बहुत अधिक पीटा गया है। आंखों से खून निकला था।
डीएसपी अभिक्ष जोशी ने बताया कि परिजन ने जो मांग रखी थी, उसके मुताबिक बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। हत्या का केस दर्ज किया। जिनके नाम परिजनों ने बताए हैं, उनसे पूछताछ की जा रही है। अन्य मांगों को प्रशासन को अवगत करवाया गया है। प्रशासन के आश्वासन पर परिजनों ने अंतिम संस्कार से लिए शव को ले लिया है।

