अमेरिका के अर्कनास आई-40 हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ, जब एक ओवरसाइज लोडेड ट्रक ने साइड से टक्कर मारी और ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में करनाल का रहने वाला ट्रक ड्राइवर जिंदा जल गया और मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और मृतक के परिजनों को डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही शव सौंपा जाएगा।
अमेरिका में हुए इस दर्दनाक हादसे में करनाल के युवा ट्रक ड्राइवर अमित कुमार की मौत हो गई। मूल रूप से पानीपत जिले के कुराना गांव निवासी अमित का परिवार पिछले दो दशक से करनाल की नई अनाज मंडी के नजदीक रह रहा है। 24 वर्षीय अमित अपने बड़े भाई अंकित के साथ अमेरिका में काम करता था। अंकित 2016 में डंकी से अमेरिका गया था और वहीं पर सेटल हो गया। अमित भी अमेरिका जाने की इच्छा रखता था और परिवार ने उसकी यह इच्छा पूरी करने के लिए अपनी जमीन बेचकर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए। 2023 में वह भी डंकी से अमेरिका पहुंचा।
अमेरिकी समयानुसार यह हादसा 11 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे अर्कनास आई-40 हाईवे के एक्जिट 166 पर हुआ। हादसे के समय अमित ट्रक खाली करके लौट रहा था। वह पेट्रोल पंप से डीजल डलवाकर जैसे ही निकला, तभी एक ओवरसाइज लोडेड ट्रक ने उसके ट्रक को दाहिनी ओर से हिट कर दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि अमित का ट्रक सड़क किनारे पेड़ों से जा टकराया और उसी दौरान कैबिन वाले डीजल टैंक में ब्लास्ट हो गया। कुछ ही देर में पीछे का टैंक भी फट गया और ट्रक आग का गोला बन गया। अमित जिंदा ही आग की लपटों में घिर गया और बाहर नहीं निकल सका।
मृतक के मामा हरपाल सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि अमित का ट्रक आगे जा रहा था और पीछे से आरोपी का ट्रक तेज रफ्तार में आया और साइड मार दी। दूसरे वीडियो में हादसे के बाद ट्रक धू-धू कर जलता हुआ दिख रहा है और पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने का प्रयास कर रही है।
