Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Karnal: मेरठ रोड पर हुआ दर्दनाक हादसा; पिकअप गाड़ी का बिगड़ा संतुलन- ट्रक से जा टकराई, दो की मौत

करनाल के नगला मेघा के पास मेरठ रोड पर एक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। हादसे का कारण पिकअप का टायर फटना बताया जा रहा है। मृतकों के शव को करनाल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। आज दोनों का पोस्टमार्टम होगा।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात को एक पिकअप गाड़ी करनाल से मेरठ की तरफ जा रही थी। नगला मेघा के पास अचानक पिकअप का टायर फटा। जिससे संतुलन बिगड़ गया और डिवाइडर को पार करते हुए मेरठ-करनाल रोड पर पहुंच गया और ट्रक से जा टकराया। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महेन्द्र और पिंका बुरी तरह से फंस गए।

हादसा होता देख आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्‌ठे हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को किसी तरह से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवो को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस रखवा दिया।

हादसे के कारण दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों की वजह से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस ने राहगीरों की सहायता से पहले गाड़ी को साइड में करवाया और फिर क्रेन की सहायता से ट्रक को हटवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मृतक नगला मेघा गांव के रहने वाले हैं। चालक का नाम महेंद्र और दूसरे का नाम पिंका बताया जा रहा है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version