Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कपूरथला बेअदबी मामला: पटना की रहने वाली महिला का दावा- मरने वाला मेरा भाई, पंजाब पुलिस को भेजे फोटो और डॉक्युमेंट

पंजाब के कपूरथला में निशान साहिब की बेअदबी के शक में जिस युवक की हत्या की गई थी, उसकी पहचान का दावा किया गया है। बिहार के पटना की रहने वाली एक महिला का कहना है कि युवक उसका भाई अंकित था। उसने पंजाब पुलिस को कुछ डॉक्युमेंट भी भेजे हैं। महिला ने कहा है कि उसका भाई से संपर्क नहीं हो रहा है।

पुलिस ने महिला को मारे गए आरोपी की तस्वीरें भेजी हैं। इसके बाद महिला से भी दस्तावेज मंगवाए गए। दोनों में शक्ल मिलाई गई। अब महिला परिवार वालों को साथ लेकर पंजाब पहुंचेगी, ताकि शव की शिनाख्त कर सकें। हालांकि अभी इसके बारे में पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उससे पहले युवक की शिनाख्त के बारे में कुछ कहना मुमकिन नहीं है।

घटना के बाद महिला ने खुद ही कपूरथला पुलिस को फोन किया था। उसने कहा कि मरने वाला उसका भाई है। उसने पुलिस को अपने भाई के आधार कार्ड, एनरोलमेंट की स्लिप भेजी है। इसके अलावा उसकी पुरानी तस्वीरें भी भेजी हैं। उसका भाई पंजाब कैसे और कब पहुंचा? इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।

इससे पहले इसी महिला ने अमृतसर में बेअदबी केस में मारे गए युवक को भी अपना भाई बताया था। उसने अमृतसर पुलिस से सीधे संपर्क किया था। पुलिस ने महिला को आरोपी की साफ फोटो भेजी तो उसने इससे इनकार कर दिया। हालांकि कपूरथला मामले में पुलिस उसके दावे को गंभीरता से ले रही है।

कपूरथला में युवक की मौत को लेकर विवाद हो गया है। गुरुद्वारा निजामपुर मोड़ के प्रबंधकों का दावा है कि वह निशान साहिब की बेअदबी कर रहा था। हालांकि इस मामले में कपूरथला पुलिस ने कहा है कि वह चोरी करने के इरादे से घुसा था।

गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई। पुलिस ने भीड़ पर मर्डर केस दर्ज करने का दावा किया था। बाद में पुलिस इससे मुकर गई। यहां युवक को रविवार सुबह 4 बजे पकड़ा गया था। उसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेने आई, लेकिन भीड़ ने उसकी हत्या कर दी।

Exit mobile version