Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में कांवड़ियों की पिकअप का एक्सीडेंट: एक की मौत, 8 घायल- PGI रेफर; पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर; हरिद्वार जल लेने जा रहे थे

करनाल के गांव राहड़ा में डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे भक्तों की पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हो गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक PGI रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, महम के गांव बल्मबा निवासी दीपक अपने परिवार के सदस्य मोनू, सचिन, साहिल, कृष्ण, संदीप, दीपक, मनीष, मनीष पुत्र बलल्ड, सोनू, रिटौली निवासी आकाश, चरखी दादरी निवासी सोनू, बरवाला निवासी राजेश, विजय और राहुल पिकअप में सवार होकर गांव बल्मबा से हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रहे थे।

सोमवार रात करीब 11 बजकर 55 मिनट पर असंध के गांव राहड़ा के पास उनकी पिकअप को नारनौल की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोग इकट्‌ठा हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और तुरंत घायल कांवड़ियों को अस्पताल ले जाया गया।यहां डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया जबकि, कृष्ण, सचिन, साहिल, संदीप, दीपक और मनीष को रोहतक PGI रेफर कर दिया।

मृतक मोनू करीब 25 वर्ष का था, अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। 6 साल पहले उसके पिता सुरेश की कैंसर की बीमारी से मौत हो गई थी। अब परिवार में उसकी 55 वर्षीय मां और 21 वर्षीय छोटा भाई है। मां व भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी परिवार को सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं।

असंध थाना SHO बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक और पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Exit mobile version