आज गुरुवार से कांवड़ यात्रा 2026 शुरू हो रही है, जिसके लिए हजारों श्रद्धालु तैयार हैं. कांवड़ यात्रा-2026 का आयोजन 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक किया जाएगा. इस दौरान दिल्ली के पूर्वी हिस्से से लाखों शिवभक्त (कांवड़िए) हरिद्वार, गंगोत्री धाम और गौमुख से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान की ओर जाएंगे.
ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है. इसके तहत कुछ पाबंदियां लगाई गईं हैं जोकि पाबंदियां 29 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक लागू रहेंगी.
कांवड़ियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (ईस्टर्न रेंज) ने विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू की है. ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वो अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, प्रभावित रास्तों से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.
एडवाइजरी के अनुसार, 29 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक भारी मालवाहक वाहनों (Heavy Transport Vehicles-HTVs) के लिए राष्ट्रीय राजधानी में कई सड़कों पर पाबंदियां और डायवर्जन लागू रहेंगे. सिटी बसों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी. दिल्ली पुलिस ने वजीराबाद रोड, GT रोड, विकास मार्ग और उनसे जुड़ी सड़कों सहित प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रांसपोर्ट वाहनों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाई हैं.
एडवाइजरी के अनुसार, पुलिस ने जीटी रोड (अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज), आशाराम त्यागी मार्ग (रोड नंबर-66), वजीराबाद रोड (भोपुरा बॉर्डर से सिग्नेचर ब्रिज), पुश्ता रोड (सोनिया विहार से वजीराबाद) और लोनी रोड (लोनी बार्डर से लोनी गोलचक्कर) कांवड़ यात्रा के दौरान प्रभावित रहेंगे. इससे वाहन चालकों को इन रास्तों पर जाम और डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है.
एडवाइजरी के अनुसार, भारी वाहनों को महाराजपुर बॉर्डर, अप्सरा/सीमापुरी बॉर्डर, DLF बॉर्डर, भोपुरा बॉर्डर, लोनी बॉर्डर, पुस्ता रोड और सोनिया विहार बॉर्डर से प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी. पूर्वी, शाहदरा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को आउटर रिंग रोड और NH-9 सहित अन्य निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों के लिए रास्ता सुगम बना रहे.
9 अगस्त सुबह 7:00 बजे से 12 अगस्त रात 8:00 बजे तक अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक जीटी रोड सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगी. इस अवधि में आम वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा. वहीं, एडवाइजरी में बताया गया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों और कांवड़ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
