Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ओडिशा के कटक में कामाख्या एक्सप्रेस डिरेल, 11 एसी कोच पटरी से उतरे, नेरगुंडी रेलवे स्टेशन के पास हादसा

ओडिशा में एक बार फिर बड़ा रेल हादसा हुआ है. यहां बेंगलुरु और असम के बीच चलने वाली कामाख्या एक्सप्रेस के 11 एसी के डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके बाद यात्रियों के बीच हाहाकार मच गया. बताया जा रहा है कि ट्रेन चौद्वार इलाके के मंगुली पैसेंजर हॉल्ट के पास डीरेल हुई है. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ और मेडिकल की टीमें भेज दी गई हैं.

ओडिशा के कटक में चौद्वार के पास बेंगलुरु-कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आज (30 मार्च) 11.54 बजे पटरी से उतर गई. ट्रेन के 11 एसी कोच पटरी से उतर गए, जिसके बाद नीलाचल एक्सप्रेस, धौली एक्सप्रेस, पुरुलिया एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट कर दिया गया है. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है. मेडिकल टीम, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड कर्मचारी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं. यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि फंसे हुए यात्री सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंचें.

जानकारी के मुताबिक, हेल्पलाइन 8455885999 और 8991124238 शुरू कर दी गई हैं। फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है. ट्रेन के पटरी से उतरने पर ईस्ट कोस्ट रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा ने कहा, ‘हमें 12551 कामाख्या सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने की सूचना मिली है.

अब तक हमें जानकारी मिली है कि 11 एसी डिब्बे पटरी से उतर गए हैं. कोई भी घायल नहीं हुआ है. सभी यात्री सुरक्षित हैं.’ उन्होंने कहा कि जहां तक हमें जानकारी मिली है, दुर्घटना राहत ट्रेन, आपातकालीन चिकित्सा उपकरण भेजे गए हैं.

वरिष्ठ अधिकारी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचने वाले हैं. डीआरएम खुर्दा रोड, जीएम, ईसीओआर और अन्य उच्च स्तरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. जांच के बाद हमें पटरी से उतरने का कारण पता चलेगा. हमारी पहली प्राथमिकता मार्ग पर प्रतीक्षा कर रही ट्रेनों को डायवर्ट करना और बहाली का काम शुरू करना है.

Exit mobile version