दिल्ली से सटे गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर लेडी बाइकर सिया को टक्कर मारने वाले कल्याण बैंसला को पुलिस ने राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी। सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।सिया ने आरोप लगाया था कि कार सवारों ने उसका पीछा किया और फिर टक्कर मारकर मौके से फरार हो गए। वहीं, बैंसला के वकील ने आरोपों को खारिज करते हुए हादसे के लिए बाइकर्स की गतिविधियों और तेज रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने इस केस में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की नई धारा भी जोड़ी है।
कल्याण बैंसला की उम्र करीब 32 साल है। दो भाईयों में छोटा है और इसके पिता धीरज बैंसला किसान है। पलवल के गांव टीकरी गुर्जर का रहने वाला है। कल्याण बैंसला शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है ।साल 2020 में इसने न्यू कॉलोनी पलवल में जिम खोली थी। लेकिन रेंट बकाया होने के बाद जिम बंद कर दिया था। इसके बड़े भाई मनीष ने बिल्डिंग ऑनर से सेटलमेंट करके दो तीन दिन में फिर से खोलने वाला था। कब्बडी का नेशनल का खिलाड़ी बताया जा रहा है।
आरोपी कल्याण बैंसला ने गिरफ्तारी से पहले एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में खुद को बेकसूर बताते हुए कहा था कि ये 20-22 बाइकर गैंगवाले मुझे परेशान कर रहे थे और मुझे गाली भी दे रहे थे। मुझे नहीं पता था कि वह महिला बाइकर है, ये जानकर मुझे दुख हुआ। मेरी फैमिली मेरे साथ कार में मौजूद थी। बाइकर कभी तेजी से आगे निकल जाते, तो कभी अचानक स्पीड कम करके उनका रास्ता ब्लॉक कर देते थे। इस लगातार हुड़दंग के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। कल्याण ने सफाई में कहा कि हादसे के बाद जब वह रेड लाइट पर रुका, कार में मौजूद मेरे भाई ने कहा कि अगर यहां रुकेंगे तो मारपीट हो सकती थी। तो डर से हम कार लेकर आगे निकल गए।
