Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सलमान के घर फायरिंग करने वाला कालू हरियाणा का:जेल जाने पर लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोदारा के टच में आया, बुकी का कत्ल किया

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने वाले 2 शूटरों में एक हरियाणा का विशाल उर्फ कालू है। गुरुग्राम के महावीरपुरा का रहने वाला कालू लॉरेंस सिंडिकेट में शामिल गैंगस्टर रोहित गोदारा का करीबी है।

उसने रोहित गोदारा के कहने पर ही 29 फरवरी को रोहतक में क्रिकेट बुकी सचिन की हत्या की थी। उसके बाद ही विशाल उर्फ कालू का नाम अपराध की लाइमलाइट में सामने आया।

सलमान खान के घर पर फायरिंग के बाद गुरुग्राम पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की एक टीम भी विशाल उर्फ कालू के महावीरपुरा स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची। पुलिस टीमों ने उसकी बहन और मां से पूछताछ भी की। विशाल का पहले भी क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है।

उसका एक और भाई भी आपराधिक किस्म का है। हालांकि सलमान खान के घर हुई फायरिंग के बाद अब कालू के परिवार के लोग घर पर नहीं है। घर के बाहर ताला लगा हुआ है। पड़ोसियों की मानें तो वे अपने रिश्तेदारों के यहां जा चुके हैं।

गुरुग्राम के रहने वाले बुकी और स्क्रैप कारोबारी सचिन गोदा की 29 फरवरी की रात रोहतक के लाखनमाजरा में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। सचिन गोदा अपनी मां और पत्नी के साथ पंजाब में किसी शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी उन पर हमला हुआ। होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरे से शूटर की पहचान हुई।

साथ ही इस वारदात की जिम्मेदारी गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट डालकर ली थी। इसमें कालू का नाम सामने आया था। हरियाणा पुलिस की टीमें विशाल उर्फ कालू को काफी समय से तलाश रही थी।

Exit mobile version