Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

Kaithal Police Raid: कैथल के ब्लू स्टार होटल में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस छापे में 3 युवतियां और ग्राहक काबू

कैथल जिले के कलायत कस्बे में मुख्य मार्ग पर स्थित ‘ब्लू स्टार’ होटल में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के धंधे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने देर रात अचानक होटल परिसर में दबिश देकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। इस अचानक हुई छापेमारी से होटल संचालकों और असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों, होटल संचालक और दो ग्राहकों को रंगे हाथ हिरासत में लिया है।

डीएसपी मुख्यालय वीरभान की शिकायत पर कलायत थाना पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों की पहचान जींद जिले के करसिंधू गांव निवासी सोनू और खरल गांव के रहने वाले अनिल के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी ही पूरे नेटवर्क को चला रहे थे।

पुलिस की पूछताछ में हिरासत में ली गई युवतियों ने खुलासा किया कि आरोपी सोनू और अनिल उन्हें कैथल, जींद तथा आसपास के अन्य जिलों से पैसों का लालच देकर कलायत के इस होटल में बुलाते थे। इसके बाद ग्राहकों को होटल में लाकर अनैतिक कार्य करवाया जाता था। दोनों आरोपी ग्राहकों से मोटी रकम वसूलते थे और उसमें से कुछ हिस्सा युवतियों को देकर बाकी रकम खुद कमीशन के तौर पर हड़प लेते थे।

होटल संचालक की मिलीभगत से यह पूरा नेटवर्क बेखौफ होकर चलाया जा रहा था। पुलिस अब होटल के पुराने रिकॉर्ड, रजिस्टर और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को कब्जे में लेकर जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी वीरभान ने बताया कि पुलिस को कैथल रोड स्थित ब्लू स्टार होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की सत्यता जांचने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से रात के समय होटल में सरप्राइज रेड की गई।

डीएसपी ने स्पष्ट किया कि कस्बे में किसी भी सूरत में अनैतिक कार्य या कानून-व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है और फरार चल रहे मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Exit mobile version